
मध्य दिल्ली में 2 बजे तक कई रास्ते बंद रहेंगे।
नई दिल्ली: देश के राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे होने पर आज शुक्रवार को दिल्ली में बड़ा समारोह हो रहा है। इसके चलते सुबह 5 बजे से दोपहर 2 बजे तक मध्य दिल्ली के कई अहम रास्तों पर गाड़ियों की आवाजाही पर पाबंदी रहेगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इन रास्तों से बचें और अपनी यात्रा पहले से प्लान करें। समारोह संस्कृति मंत्रालय की ओर से इंदिरा गांधी स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया जा रहा है। इसमें करीब 11 हजार मेहमान शामिल होंगे। सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए ITO और राजघाट इलाके के आसपास कई सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।
ये सड़कें रहेंगी प्रभावित
‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम की वजह से जो सड़कें प्रभावित होंगी वे हैं:
- बहादुर शाह जफर मार्ग
- जवाहरलाल नेहरू मार्ग
- महात्मा गांधी मार्ग
- इंद्रप्रस्थ मार्ग
- विकास मार्ग
- सेक्रेटेरिएट रोड
- वेलोड्रोम रोड
इसके अलावा शांति वन क्रॉसिंग, राजघाट, भैरों मार्ग, गीता कॉलोनी फ्लाईओवर, आईपी फ्लाईओवर, सलीम गढ़ बाईपास, डब्ल्यू पॉइंट, दिल्ली गेट और राजघाट-किशन घाट/पावर हाउस रोड से जुड़े रास्तों पर भी जाम या डायवर्शन हो सकता है।
स्टेडियम में कैसे होगी एंट्री
स्टेडियम में आने वाले मेहमानों के लिए खास गेट तय किए गए हैं:
- गेट 1, 2, 3, 7 और 8 (पूर्वी तरफ) – वेलोड्रोम रोड या सेक्रेटेरिएट रोड से
- गेट 19, 21, 22 और 23 (पश्चिमी तरफ) – महात्मा गांधी मार्ग या रिंग रोड से
गलत जगह गाड़ी खड़ी की तो होगी कार्रवाई
कार्यक्रम के दौरान वेलोड्रोम रोड, सेक्रेटेरिएट रोड, इंद्रप्रस्थ मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, विकास मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, महात्मा गांधी मार्ग/रिंग रोड, सलीम गढ़ बाईपास और पावर हाउस रोड पर गाड़ी खड़ा करना मना है। गलत जगह खड़ी गाड़ियों को टो किया जाएगा और कानूनी कार्रवाई होगी। ट्रैफिक पुलिस ने कहा, ‘यात्रियों से गुजारिश है कि वे इन घंटों में इन रास्तों से बचें ताकि परेशानी न हो।’
