
भारतीय हॉकी
दो बार के ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट 90 साल के गुरबख्श सिंह से लेकर पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतने वाले कप्तान हरमनप्रीत सिंह तक कई दिग्गजों ने भारतीय हॉकी के सौ साल पूरे होने के अवसर पर अपने अनुभवों को साझा किया। 100 साल पहले 1925 में ग्वालियर में भारतीय हॉकी महासंघ का गठन हुआ था। आठ बार की ओलंपिक चैम्पियन भारतीय हॉकी टीम के महानायकों को इस अवसर पर मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम पर सम्मानित किया गया जिनमें ओलंपिक पदक विजेता गुरबख्श सिंह (1964 और 1968), हरबिंदर सिंह (1964, 1968 और 1972), अशोक कुमार (1972 ओलंपिक और 1975 विश्व कप) , बी पी गोविंदा (1972 ओलंपिक और 1975 विश्व कप), असलम शेर खान (1975 विश्व कप), जफर इकबाल (1980 ओलंपिक) ब्रिगेडियर हरचरण सिंह (1972 ओलंपिक) के अलावा रोमियो जेम्स, असुंथा लाकड़ा और सुभद्रा प्रधान शामिल हैं।
इस अवसर पर खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि हॉकी के जरिये ही ओलंपिक में भारत को पहचान मिली और दुनिया को दिखाया कि खेलों में हमारा देश क्या कर सकता है और तभी से हमने पीछे मुड़कर नहीं देखा। मांडविया ने कहा कि खेलों ने काफी उतार चढ़ाव देखे हैं और ओलंपिक में हॉकी के जरिये ही हमने दुनिया को दिखाया कि भारत खेलों में क्या कर सकता है।
नेशनल स्टेडियम में लगाई गई दुर्लभ तस्वीरों की प्रदर्शनी
इस मौके पर पूरे देश में एक हजार से अधिक हॉकी मैचों का आयोजन किया गया। इसके साथ ही नेशनल स्टेडियम में भारतीय हॉकी के गौरवशाली अतीत की झांकी पेश करती दुर्लभ तस्वीरों की नुमाइश का भी उद्घाटन किया गया जिसमें 1925 एम्सटर्डम ओलंपिक से पेरिस ओलंपिक 2024 तक के खास पलों की झलक देखी जा सकती है। मांडविया की कप्तानी वाली खेलमंत्री एकादश और दिलीप टिर्की की हॉकी इंडिया एकादश के बीच भी नुमाइशी मैच खेला गया जिसमे राष्ट्रीय महिला और पुरूष टीमों के खिलाड़ियों ने भी भाग लिया।
खेलमंत्री एकादश ने दर्ज की जीत
खेलमंत्री एकादश ने 3-1 से जीत दर्ज की जिसमे ब्यूटी डुंगडुंग, सलीमा टेटे और कृष्णा पाठक ने गोल किये जबकि हॉकी इंडिया एकादश के लिये मनप्रीत सिंह ने गोल दागा। इस मौके पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन और भारत की महिला तथा पुरूष टीमों के खिलाड़ी और कोच मौजूद थे। चेन्नई और मदुरै में 28 नवंबर से 11 दिसंबर तक होने वाले जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप की ट्रॉफी का भी अनावरण किया गया।
(PTI Inputs)
यह भी पढ़ें:
IND vs AUS: गाबा में कितने बजे से खेला जाएगा आखिरी मुकाबला? फ्री में कैसे देख पाएंगे LIVE मैच
IND vs PAK: पाकिस्तान टीम का हुआ ऐलान, भारतीय टीम से 16 नवंबर को होगी भिड़ंत
