
ट्राली बैग में शव ले जाता आरोपी (बाएं), मृतक महिला (दाएं)
सूरत में सड़क किनारे एक ट्रॉली बैग में मिले शव की गुत्थी पुलिस ने चार दिन के अंदर सुलझा ली है। पुलिस ने आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है और घटना से जुड़े सबूत जुटा रही है। सूरत जिला एसपी राजेश गढ़िया ने बताया कि चार दिन पहले सूरत जिले की कोसंबा तरसाडी रोड पर गड्ढे में एक ट्रॉली बैग मिला था। इसके अंदर एक महिला का शव था। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस अधिकारी ने कहा, “हमारे लिए पहले तो मृतक महिला की पहचान करना जरूरी था। हमें शुरुआती जांच में पता चला कि उसके हाथ में टैटू था और उसके ऊपर K और S लिखा हुआ था और बीच में दिल का सिंबल था। हमने टेक्निकल सर्वेलेंस और खबरी की टीम को एक्टिवेट किया। हमें जानकारी मिली वैसे ही हम उनके घर गए तो घर पर ताला लगा हुआ था। तब हमें लगा कि यही बंदा हत्या कर फरार हो गया है। हमें घर का ताला तोड़ कर जांच की तो ओर भी सबूत हाथ लगे। मोबाइल सर्वेलेंस से पता चला कि वह ट्रेन के जरिए दिल्ली की ओर जा रहा है।”
स्टेशन पर पकड़ाया हत्यारा
सूरत पुलिस ने आरपीएफ और फरीदाबाद पुलिस का संपर्क किया और जानकारी दी कि सूरत से महिला की हत्या कर हत्यारा फरीदाबाद आ रहा है। फरीदाबाद पुलिस ने हत्यारे को स्टेशन पर ही पकड़ लिया। सूरत जिला क्राइमब्रांच की टीम भी फरीदाबाद पहुंची और आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर सूरत पहुंची।
क्या है पूरी कहानी?
आरोपी का नाम रवि शर्मा है, जो मुजफ्फरपुर बिहार का रहने वाला है। मृतक महिला की भी पहचान हो गई है, उसका नाम काजल देवी है और वह भी मुजफ्फरपुर की ही रहने वाली है। दिल्ली में सोशल मीडिया के माध्यम से दोनों मिले थे। रवि काम के सिलसिले में तीन महीने पहले सूरत आया था। काजल देवी भी रवि से मिलने सूरत आई थी। इस बीच दोनों के बीच कुछ झगड़े की वजह से रवि ने काजल का गला दबाकर हत्या कर दी। हत्यारे रवि ने शव को छुपाने के लिए कोसंबा के बाजार से एक 2 फिट बाय डेढ़ फीट का ट्रॉली बैग खरीदा और शव को उसमें भरकर सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गया था।
(सूरत से शैलेष चांपानेरिया की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
उम्रकैद की सजा काट रहे आसाराम को बड़ी राहत, गुजरात हाई कोर्ट ने 6 माह की अंतरिम जमानत दी
