गुरुग्राम में होटल, साइबर कैफे, पीजी, गेस्ट हाउस और मकान मालिकों के लिए एडवाइजरी, ड्रोन-पतंगबाजी समेत ये चीजें बैन


वाहनों की जांच करती गुरुग्राम पुलिस- India TV Hindi
Image Source : PTI
वाहनों की जांच करती गुरुग्राम पुलिस

गुरुग्रामः दिल्ली में बम ब्लास्ट के बाद गुरुग्राम में भी पुलिस सतर्कता बरत रही है। गुरुग्राम के डीसी ने आगामी नव वर्ष और गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर अभी से ही एडवाइजरी जारी की है। डीसी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत सभी साइबर कैफ़े, पीजी, गेस्ट हाउस, धर्मशाला, होटल, कार्यालय और मकान मालिकों को निर्देश दिया जाता है कि वे सभी आगंतुकों, किरायेदारों, कर्मचारियों और मेहमानों का रिकॉर्ड एक रजिस्टर में रखें।

 मेहमानों या ग्राहकों की पहचान पत्र की फोटो कॉपी अपने पास रखें

डीसी ने साइबर कैफ़े, पीजी, गेस्ट हाउस, धर्मशाला, होटल, कार्यालय और मकान मालिकों से यह भी कहा है कि उनके यहां आने वाले मेहमान या ग्राहकों की पहचान पत्र की एक फोटोकॉपी रखें। सभी किरायेदारों, नौकरों और कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन सुनिश्चित करें।

ड्रोन-पतंगबाजी समेत ये चीजें बैन

इसके अतिरिक्त, 11 नवंबर, 2025 से 31 जनवरी, 2026 तक जिला गुरुग्राम में ड्रोन, माइक्रो लाइट एयरक्राफ्ट, ग्लाइडर, पावर ग्लाइडर, हॉट एयर बैलून, पतंगबाजी और चीनी माइक्रो लाइट के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 और अन्य लागू कानूनों के तहत उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पूरे गुरुग्राम के लिए लागू होगा ये आदेश

यह आदेश जिला मजिस्ट्रेट, गुरुग्राम अजय कुमार ने जारी किया है। जिसमें यह भी कहा गया है कि आपातकालीन स्थिति और समय की कमी को देखते हुए, यह आदेश एकपक्षीय रूप से पारित किया जा रहा है और आम जनता को संबोधित है। यह आदेश जनसंपर्क विभाग की प्रचार गाड़ी के माध्यम से घोषणा करके और नगर निगम/नगर परिषद/समिति, उपमंडल/तहसील कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों के साथ-साथ पुलिस थानों के नोटिस बोर्ड पर इस आदेश की एक प्रति चिपकाकर पूरे गुरुग्राम जिले में प्रसारित किया जाएगा।

12 लोगों की हो चुकी है मौत

बता दें कि दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार को हुए कार विस्फोट में 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 27 घायलों का इलाज अस्पताल में किया जा रहा है।  पुलिस द्वारा प्रतिबंधित जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने और तीन चिकित्सकों सहित आठ लोगों को गिरफ्तार करने के कुछ ही घंटों बाद दिल्ली के लाल किला क्षेत्र के पास एक धीमी गति से चलती कार में विस्फोट हुआ। पुलिस ने जम्मू कश्मीर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में फैले आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर लगभग 2,500 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट, पोटेशियम क्लोरेट और सल्फर जब्त किया था। 





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *