
बिहार के मुख्यमंत्री होंगे नीतीश कुमार
पटना: बिहार के कार्यवाहक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अन्य एनडीए नेता 20 नवंबर को राज्य में नई सरकार के शपथ समारोह की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए गांधी मैदान पहुंचे। 20 नवंबर को नीतीश कुमार 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे और नई एनडीए सरकार के मंत्री भी इसी दौरान शपथ ग्रहण कर सकते हैं। भव्य समारोह 20 नवंबर को पटना के गांधी मैदान में होगा। बिहार में एनडीए सरकार के गठन की तैयारी आखिरी चरण में है।
बुधवार को रहेगी सियासी गहमागहमी
सरकार गठन को लेकर बुधवार को बिहार में सियासी गहमागहमी तेज रहेगी। पटना में बीजेपी के विधायक दल की बुधवार (19 नवंबर) को बैठक है और ये बैठक सुबह 10 बजे बीजेपी प्रदेश मुख्यालय स्थित अटल सभागार में होगी।
वहीं, इसी दिन जेडीयू विधायक दल की बैठक सुबह 11 बजे सीएम आवास 1 अणे मार्ग पर होगी। इसके बाद एनडीए विधायक दल की बैठक दोपहर 3.30 बजे बिहार विधानसभा के सेंट्रल हॉल में होगी जिसमें नीतीश कुमार को एनडीए विधायक दल का नेता चुना जाएगा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नई एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए बुधवार की शाम पटना पहुंचेंगे। इसके अलावा, पीएम नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सहित कई अन्य शीर्ष भाजपा नेता भी बुधवार की शाम में ही पटना पहुंचेंगे।
जीत के बाद क्यों संशय, कहां फंसा पेंच
एनडीए को चुनाव में मिली जीत के बाद मंत्रिमंडल गठन को लेकर सहयोगी दलों के बीच बातचीत जारी रही और आखिरी क्षणों में कई तरह की अड़चनें सामने आईं। इंडिया टुडे टीवी की सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार की पार्टी जदयू कथित तौर पर गृह मंत्रालय जैसे महत्वपूर्ण विभाग को छोड़ने को तैयार नहीं थी। जानकारी के मुताबिक मुख्य खींचतान गृह विभाग को लेकर रही, जो नीतीश कुमार जबसे सीएम बने, तब से अब तक नीतीश कुमार के पास ही रहा था।
इसके बाद की अड़चन, सूत्रों के मुताबिक जदयू और भाजपा दोनों में विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए खींचतान मची है, और भाजपा इसे हर कीमत पर अपने पास रखना चाहती है। हालांकि फिर खबर मिली कि फिलहाल अध्यक्ष पद को लेकर सहयोगी दलों में कोई मतभेद नहीं है। बता दें कि यह एक महत्वपूर्ण पद होता है क्योंकि विधायकों को अयोग्य ठहराने का अधिकार इसी के पास होता है।
बुधवार को सरकार बनाने की प्रक्रिया होगी शुरू
सरकार गठन से पहले, जेडी(यू) नेता संजय झा और ललन सिंह ने अमित शाह से नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा भी इस बैठक में शामिल रहे। सभी नेताओं की बंद कमरे में हुई बैठक लगभग तीन घंटे तक चली। बैठक में एनडीए के घटक दलों के बीच मंत्रिस्तरीय विभागों के बंटवारे और विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार के चयन पर चर्चा हुई।
नीतीश कुमार द्वारा सोमवार को राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात और 19 नवंबर से निवर्तमान विधानसभा को भंग करने की सिफारिश के बाद एनडीए सरकार बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई। नीतीश कुमार बुधवार को फिर से राज्यपाल से मिलेंगे और एनडीए के सभी घटक दलों का समर्थन पत्र सौंपेंगे, जिससे गठबंधन के सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा।
नीतीश की नई कैबिनेट में कौन कौन होगा
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, जहां जद (यू) अगले मंत्रिमंडल में अपने मौजूदा मंत्रियों को फिर से शामिल करने की तैयारी में है, वहीं भाजपा कुछ नए चेहरे ला सकती है। नए मंत्रिमंडल में एनडीए के मुख्य घटक दलों – भाजपा और जद (यू) – से पांच से छह नए चेहरे शामिल होने की उम्मीद है। पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, महनार विधानसभा सीट से जीतने वाले जद (यू) के राज्य इकाई प्रमुख उमेश सिंह कुशवाहा को नए मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना है।
पीटीआई ने एक सूत्र के हवाले से बताया, “एलजेपी (रामविलास) को नए राज्य मंत्रिमंडल में तीन पद मिलने की संभावना है, जबकि एचएएम-एस और आरएलएम को एक-एक पद मिलेगा। भाजपा से अधिकतम 16 मंत्री और जेडी(यू) से 14 मंत्री और नीतीश कुमार 20 नवंबर को शपथ लेंगे।”
भाजपा नेता पहुंचे पटना
बिहार में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए भाजपा की सह-पर्यवेक्षक नियुक्त की गईं भाजपा नेता साध्वी निरंजन ज्योति पटना हवाई अड्डे पर पहुंचीं। उन्होंने लालू परिवार पर तंज कसा और कहा, “इनकी (राजद) बेटियां अपने घरों में सुरक्षित नहीं हैं, तो ये बिहार की बेटियों की सुरक्षा कैसे करेंगे… मैं बिहार की जनता को नमन करती हूं जिन्होंने विकास के लिए एनडीए को वोट दिया है… प्रधानमंत्री मोदी और एनडीए के सभी वरिष्ठ नेता शपथ ग्रहण समारोह में पटना आ रहे हैं…”
बिहार में भाजपा विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पटना हवाई अड्डे पर पहुंचे। उन्होंने कहा, “बिहार की जनता ने हमें आशीर्वाद दिया है और प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा और पार्टी के अन्य नेताओं के नेतृत्व में हमें विजयी बनाया है…”
