
निकहत जरीन
विश्व मुक्केबाजी कप फाइनल्स 2025 में भारतीय बॉक्सर्स का जलवा देखने को मिला है, जिसमें महिलाओं के 51 किलोग्राम भार वर्ग में देश की स्टार खिलाड़ी निकहत जरीन गोल्ड मेडल अपने नाम करने में कामयाब रहीं। निकहत जरीन का खिताबी मैच में सामना चीनी ताइपे की खिलाड़ी झुआन यी गुओ से था, जिनको उन्होंने 5-0 से एकतरफा सर्वसम्मति से मात दी। देश की राजधानी नई दिल्ली में हो रहे इस टूर्नामेंट में अब तक भारत की झोली में कुल 7 गोल्ड मेडल आ चुके हैं। इसमें निकहत के अलावा, मीनाक्षी हुड्डा, प्रीति पवार, जैस्मिन लेंबोरिया, परवीन हुड्डा, अरुंधति और नूपुर श्योराण अलग-अलग कैटेगिरी में गोल्ड मेडल जीतने में कामयाब रहीं।
सभी 20 किलोग्राम कैटेगिरी में जीता पदक
भारतीय महिला और पुरुष का विश्व मुक्केबाजी कप फाइनल्स 2025 में सभी 20 कैटेगिरी में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जिसमें सभी 20 वजन वर्ग में पदक जीतने में कामयाबी हासिल हुई। इसमें जहां 9 गोल्ड मेडल जीतने में सफलता हासिल हुई तो वहीं 6 सिल्वर और 5 कांस्य पदक भी जीते। 20 नवंबर को भारत की तरफ से कुल 15 मुक्केबाज खिलाड़ी रिंग में उतरे थे, जिसमें सभी महिला वर्ग में मौजूदा विश्व चैंपियन जैस्मीन लंबोरिया का नाम भी शामिल था। जैस्मीन ने इस टूर्नामेंट में सबसे बड़ी जीत में से एक हासिल की। उन्होंने पेरिस ओलंपिक की पदक विजेता वू शिह यी को रोमांचक फाइनल में 4-1 से हराया। निकहत जरीन को लेकर बात की जाए तो उन्होंने साल 2023 विश्व चैंपियनशिप के बाद अपना पहला स्वर्ण पदक जीता।
पुरुषों में सचिन और हितेश ने जीता गोल्ड मेडल
विश्व मुक्केबाजी कप में भारतीय महिलाओं ने जहां 7 गोल्ड मेडल जीतने में सफलता हासिल की तो वहीं पुरुष भी 2 गोल्ड मेडल जीतने में कामयाब रहे। सचिन सिवाच ने 60 किलोग्राम भार वर्ग में किर्गिस्तान के मुनारबेक उलु सेइतबेक को 5-0 से हराने के साथ जहां गोल्ड मेडल जीता तो वहीं दूसरा गोल्ड मेडल हितेश गूलिया जीतने में कामयाब रहे। हितेश ने 70 किलोग्राम कैटेगिरी में कजाखस्तान के नुर्बेक मुरसाल के खिलाफ रोमांचक मैच में 3–2 से मात दी और गोल्ड मेडल को अपने नाम किया। इसके अलावा जदुमणि सिंह,पवन बर्तवाल, अभिनाश जामवाल और अंकुश फंगल सिल्वर मेडल जीतने में कामयाब रहे।
ये भी पढ़ें
ऑस्ट्रेलियाई ओपन के दूसरे दौर में पहुंचे एचएस प्रणय, आयुष शेट्टी और थारुण मन्नेपल्ली
मीनाक्षी हुड्डा ने बॉक्सिंग में लहराया तिरंगा, 48 किलोग्राम में जीत लिया गोल्ड मेडल
