CCTV: ठाणे में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार की टक्कर से 4 लोगों की मौत, शिवसेना नेता की पत्नी समेत 4 घायल


CCTV- India TV Hindi
Image Source : VIDEO SCREENGRAB
सीसीटीवी सामने आया

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। ठाणे जिले के अंबरनाथ में शुक्रवार शाम करीब 7 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा अंबरनाथ पूर्व और पश्चिम को जोड़ने वाले फ्लाईओवर पर हुआ।

क्या है पूरा मामला?

अंबरनाथ पश्चिम से पूर्व की ओर जा रही टाटा नेक्सन कार अचानक अनियंत्रित हो गई और विपरीत दिशा से आ रही कई मोटरसाइकिलों से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। कार चालक की भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पुलिस के अनुसार, कार तेज गति से चल रही थी और नियंत्रण खोने के बाद सीधे दूसरी लेन में जा घुसी, जहां सामने से आ रहे बाइक सवारों को कुचल दिया। टक्कर में एक बाइक सवार फ्लाईओवर से नीचे गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना में शामिल टाटा नेक्सन अंबरनाथ के शिवसेना नेता प्रमोद चौबे के नाम पर पंजीकृत है। हादसे के समय उनकी पत्नी सुमन चौबे भी कार में मौजूद थीं। सुमन चौबे शिवसेना (शिंदे गुट) से नगर परिषद का चुनाव लड़ रही हैं और चुनाव प्रचार के लिए बुआपाड़ा जा रही थीं। उन्हें हाथ में और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। हादसे के बाद वे कार के अंदर फंस गई थीं, जिन्हें स्थानीय लोगों ने शीशा तोड़कर बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

स्थानीय लोगों ने लगाए आरोप

कुछ स्थानीय लोगों का दावा है कि चालक को अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिससे उसने गलती से एक्सीलरेटर दबा दिया। वहीं कुछ का आरोप है कि चालक नशे में था। हालांकि पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

अंबरनाथ पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शब्बीर अहमद ने बताया कि अब तक चार लोगों की मौत और चार घायलों की पुष्टि हुई है। एक घायल को उल्हासनगर के केंद्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य तीन को डोंबिवली के एक अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए उल्हासनगर भेजा गया है।

एसआई शब्बीर अहमद ने कहा कि मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल फ्लाईओवर पर देर रात तक पुलिस की टीम तैनात रही और यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो पाया।





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *