अफ्रीकी बॉलर ने तोड़ी भारतीय टीम की कमर, 21वीं सदी में ऐसा करने वाले सिर्फ तीसरे विदेशी प्लेयर


Marco Jansen- India TV Hindi
Image Source : AP
मार्को जानसन

साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में भारतीय बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं और बुरी तरह नाकामयाब हुए हैं। अफ्रीका ने पहले बैटिंग करते हुए कुल 489 रन बनाए। इसके बाद भारतीय टीम बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन की वजह से ही टीम 201 रनों पर सिमट गई। इस तरह से अफ्रीकी टीम को 288 रनों की बढ़त मिल गई। अफ्रीका के लिए मार्को यानसन सबसे बड़े हीरो साबित हुए।

मार्को यानसन ने पारी में झटके 6 विकेट

मार्को यानसन ने मैच में बेहतरीन गेंदबाजी का नमूना पेश किया। उनके आगे भारतीय बल्लेबाज टिक नहीं पाए और बुरी तरह से फ्लॉप से साबित हुए। उन्होंने भारतीय बल्लेबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाकर रख दी और भारत के खिलाफ पहली पारी में 19.5 ओवर्स में 48 रन देकर 6 विकेट हासिल किए हैं। यानसन की वजह से ही भारतीय टीम बड़ा स्कोर नहीं बना पाई। उनके सामने भारतीय बल्लेबाज रन बनाना तो दूर, क्रीज पर टिकने के लिए तरसते रहे।

पहली पारी में मार्को यानसन ने लगाया था अर्धशतक

गेंदबाजी से पहले मार्को यानसन ने बल्लेबाजी में भी कमाल का खेल दिखाया था। उन्होंने 91 गेंदों में 93 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उन्होंने निचले क्रम पर उतरकर भारतीय गेंदबाजों के सामने धमाकेदार बल्लेबाजी की और 102.20 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। उनकी वजह से ही अफ्रीकी टीम 489 रनों के स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।

ऐसा करिश्मा करने वाले सिर्फ तीसरे खिलाड़ी

मार्को यानसन साल 2000 के बाद से भारत में टेस्ट में पांच विकेट हॉल और 50 से ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे विदेशी खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले साउथ अफ्रीका के निकी बोजे ने 2000 में बेंगलुरु में हुए टेस्ट मैच में ऐसा किया था। वहीं जेसन होल्डर ने साल 2008 में हैदराबाद में हुए टेस्ट मैच में कमाल दिखाया था। अब यानसन ने इन दोनों बेहतरीन प्लेयर्स की बराबरी की है।

भारतीय क्रिकेट टीम के लिए दूसरी पारी में यशस्वी जायसवाल (58 रन) और वॉशिंगटन सुंदर (48 रन) ने तो कुछ देर क्रीज पर टिकने की कोशिश की, लेकिन बाकी के बल्लेबाज अच्छा नहीं कर पाए। केएल राहुल ने 22 रनों की पारी खेली। कुलदीप यादव ने बहुत ही जुझारूपन दिखाया और 134 गेंदों में कुल 19 रन बनाए, जिसमें तीन चौके शामिल रहे। बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन की वजह से ही टीम इंडिया 201 रनों पर सिमट गई।

यह भी पढ़ें:

इस गेंदबाज ने बल्लेबाजों को दिखाया आईना, गुवाहाटी टेस्ट में झोक दी जान

टीम इंडिया में प्रयोगों का दौर जारी, पहली बार इस नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरा ये खिलाड़ी, खाता तक नहीं खुला

Latest Cricket News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *