
बेटों सनी-बॉबी के साथ धर्मेंद्र
धर्मेंद्र, जिन्हें प्रशंसक बॉलीवुड के ही-मैन के नाम से जानते थे, का 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। अभिनेता उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित थे और इस महीने की शुरुआत में उन्हें 10 दिनों से अधिक समय तक मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज भी मिल गया था। लेकिन, अब उनके निधन की खबर ने पूरी इंडस्ट्री को तोड़ दिया है। परिवार के सदस्य और धर्मेंद्र के शुभचिंतक उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए पवन हंस श्मशान घाट पहुंच रहे हैं। धर्मेंद्र की जिंदगी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही, ऐसे में एक बार उनसे उनकी बायोग्राफी को लेकर सवाल किया गया था, जिस पर उन्होंने बताया था कि अगर उनकी जिंदगी पर फिल्म बनती है तो वह इसमें किसे देखना पसंद करेंगे।
सलमान से था करीबी रिश्ता
धर्मेंद्र सलमान खान के साथ करीबी रिश्ता शेयर करते थे। धर्मेंद्र और सलमान खान के बीच का रिश्ता वर्षों से आपसी सम्मान और स्नेह पर टिका हुआ है। धर्मेंद्र कई बार सार्वजनिक मंचों पर सलमान की सराहना कर चुके हैं और उन्हें अपना बेहद करीबी बताते हैं। करीब एक दशक पहले, 2015 में Bollywood Life को दिए एक इंटरव्यू में जब धर्मेंद्र से पूछा गया कि अगर उनकी जिंदगी पर बायोपिक बने तो उनका किरदार कौन निभाए, तो उन्होंने मुस्कुराकर जवाब दिया था—“सलमान खान। मुझे लगता है कि उनमें कई ऐसी खूबियां हैं जो मुझसे काफी मिलती-जुलती हैं। वह मुझे पर्दे पर बहुत अच्छी तरह निभा सकते हैं।”
सलमान खान की जमकर की थी तारीफ
इससे पहले, 2011 में यमला पगला दीवाना के ट्रेलर लॉन्च के दौरान भी धर्मेंद्र ने सलमान की प्रशंसा की थी। उन्होंने कहा था, “अगर मैं इंडस्ट्री से किसी को भी बुलाऊं, तो मेरे परिवार के प्रति लोगों की सद्भावना के चलते हर कोई आ जाएगा। सलमान खुद बेहद अच्छे इंसान हैं। मैं उनसे प्यार करता हूं, वह सच्चे और दिल के साफ इंसान हैं।”
जब पहली बार सलमान खान से मिले ही-मैन
धर्मेंद्र ने एक पुरानी याद साझा करते हुए बताया था, “एक बार मैं झील के किनारे शूटिंग कर रहा था, तभी मैंने सलमान को पहली बार देखा। वह तब भी बेहद शर्मीले थे और आज भी वैसे ही हैं। शूटिंग के दौरान कैमरा झील में गिर गया था, और उन्होंने बिना एक पल सोचे सीधे पानी में छलांग लगाकर उसे बाहर निकाल लिया। उसी समय मुझे समझ आ गया कि वह कितने बहादुर और संवेदनशील इंसान हैं। अगर इंसानियत नहीं है, तो फिर कुछ भी मायने नहीं रखता।”
अंतिम विदाई देने श्मशान घाट पहुंचे सलमान खान
धर्मेंद्र के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही सलमान खान सबसे पहले उनसे मिलने पहुंचे थे और अब दिग्गज अभिनेता के निधन के बाद उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए सुपरस्टार श्मशान घाट भी पहुंचे। इस दौरान उनके चेहरे पर निराशा के भाव साफ नजर आ रहे थे।
ये भी पढ़ेंः 6 बच्चे और 13 नाती-पोते, धर्मेंद्र के खुशहाल परिवार में स्टार्स की फौज, कोई किसी से नहीं कम
