हरियाणा: शादी में हर्ष फायरिंग के दौरान दूल्हे के पिता के पेट में गोली लगी, मच गया हड़कंप


wedding ceremony- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK/REPRESENTATIVE PIC
रोहतक में एक शादी समारोह के दूल्हे के पिता के पेट में गोली लगी

रोहतक: हरियाणा के रोहतक से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादी समारोह में बारातियों द्वारा हर्ष फायरिंग की जा रही थी। इसी दौरान दूल्हे के पिता के पेट में गोली लग गई और वह घायल हो गए। दूल्हे के पिता को घायल हालत में पीजीआई रोहतक के ट्रामा सेंटर में लाया गया है। घायल पिता का गांव सुखमनपुर जिला फतेहाबाद में है। बारात, गांव सुखमनपुर जिला फतेहाबाद से रोहतक के गांव ब्लम्ब में आई हुई थी। 

क्या है पूरा मामला?

रोहतक जिले के गांव ब्लम्ब में बारात आई हुई थी। जब बारात दुल्हन के घर के पास पहुंची तो वहां पर डीजे बाजे पर लोग झूमकर नाच रहे थे। इसी दौरान बारात में आए एक बाराती ने पिस्टल निकालकर हर्ष फायरिंग की। हर्ष फायरिंग करते समय गोली, दूल्हे के पिता के पेट में जा लगी। 

अचानक घटी इस घटना से मौके पर सन्नाटा पसर गया। दूल्हे के घायल पिता को लोग पीजीआई रोहतक लेकर दौड़े। पीजीआई की जांच में पता चला कि गोली रीढ़ की हड्डी के पास अटकी हुई है। अभी घायल का ऑपरेशन ट्रामा सेंटर में चल रहा है। अभी तक खतरे की बात नहीं है क्योंकि समय रहते परिजन घायल को पीजीआई ले आए। अगर कुछ देरी हो जाती तो शायद उनकी जान भी जा सकती थी।

पुलिस को जैसे ही इस गोलीकांड का पता लगा तो वह मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घायल का नाम राकेश है।

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस जांच अधिकारी और ASI संजीत कुमार ने बताया कि हमें पांच बजे एक सूचना प्राप्त हुई कि गांव ब्लम्ब में सुखमनपुर गांव जिला फतेहाबाद से बारात आई हुई थी। शादी में फायरिंग की गई, जिसमें दूल्हे के पिता को पेट में गोली


लगी है। अभी किसी ने किसी प्रकार से कोई बयान नहीं दिया है। परिजनों के बयान पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। (इनपुट: सुनील कुमार)





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *