यूपी में श्मशान घाट पर पुतले का अंतिम संस्कार देख लोगों के उड़े होश, पहुंची पुलिस तो भागने लगे आरोपी; हुआ ये खुलासा


पुतले का अंतिम संस्कार करते लोग- India TV Hindi
Image Source : REPORTER
पुतले का अंतिम संस्कार करते लोग

हापुड़ से बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में पुतलों का अंतिम संस्कार करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, i20 कार में सवार होकर चार लोग ब्रजघाट पर एक अर्थी लेकर अंतिम संस्कार करने के लिए पहुंचे। अर्थी के ऊपर चादर पड़ी हुई थी। लेकिन जैसे ही अर्थी को चिता पर लेटाया गया तो देखने वाले लोगों के भी होश उड़ गए क्योंकि संदिग्धों द्वारा किसी मृत व्यक्ति का नहीं बल्कि एक पुतले का अंतिम संस्कार किया जा रहा था। 

दो आरोपी पुलिस हिरासत में

इसके बाद स्थानीय लोगों ने सभी आरोपियों को घेर लिया और मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। खुद को लोगों से घिरता देख कर 4 में से 2 आरोपी मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। 

हरियाणा नंबर की कार लेकर शमशान घाट पर पहुंचे थे आरोपी

बताया जा रहा है कि गढ़मुक्तेश्वर में चार संदिग्ध HR नंबर की i20 गाड़ी में सवार होकर गुरुवार दोपहर बृजघाट के श्मशान घाट पर पहुंचे थे। जहां उनके द्वारा नगर पालिका की पर्ची कटवाई गई और अंतिम संस्कार करने के लिए लकड़ी और अन्य सामग्री भी खरीदी गई। आरोपियों द्वारा पुतले का अंतिम संस्कार करने की पूरी तैयारी कर ली गई थी। जैसे पुतले को लोगों ने चिता पर लेटे हुए देखा, तो लोगों ने इसका विरोध करते हुए उनसे सवाल जवाब करने शुरू कर दिए। जिसका चारों संदिग्ध लोग कोई भी जवाब नहीं दे पाए। 

अंतिम संस्कार के लिए खरीदी घी, लकड़ी

इसी दौरान दो आरोपी मौके से भाग खड़े हुए और मौके पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया। नगर पालिकाकर्मी नितिन द्वारा बताया गया कि वह शमशान घाट में आने वाले लोगों की एंट्री करते हैं। उन्होंने बताया कि HR नंबर की i20 गाड़ी में सवार होकर चार लोग आए , जिनके द्वारा ब्रजघाट पर स्थित दुकान से घी लकड़ी आदि अंतिम संस्कार की सामग्री खरीदी गई और उनके द्वारा एक डमी पुतला चिता पर लेटा दिया गया। पुतले को देखने के बाद लोग भी हैरान थे। इसके बाद वह भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने आरोपियों से सवाल जवाब करने शुरू कर दिए तो चारों संदिग्ध कोई भी जवाब नहीं दे सके। इसके बाद मौके पर मौजूद नगर पालिका कर्मी द्वारा पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दे दी गई।  

यहां देखें वीडियो

आरोपियों की कार से दो डमी पुतले बरामद

पुलिस ने बताया गया की गाड़ी में तलाशी के दौरान दो और डमी पुतले बरामद हुए हैं। लोगों को गुमराह करने के लिए आरोपियों द्वारा यह कहा गया कि अस्पताल में उनके किसी रिश्तेदार की मौत के बाद उन्हें अस्पताल वालों ने नकली बॉडी दे दी है। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है जिसे पुलिस की पूछताछ जारी है। 

इंश्योरेंस का 50 लाख रुपये लेने के लिए व्यापारी ने रची थी साजिश

डमी पुतले का अंतिम संस्कार करने के मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ के बाद इस घटना के पीछे की रणनीति का खुलासा किया गया है। डीएसपी गढ़मुक्तेश्वर स्तुति सिंह द्वारा जानकारी दी गई कि पुलिस को ब्रजघाट चौकी क्षेत्र से यह सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ व्यक्तियों द्वारा शमशान घाट में किसी पुतले का अंतिम संस्कार किया जा रहा है। इसी सूचना के बाद पुलिस द्वारा इस मामले का संज्ञान लिया गया और पुलिस की जांच में यह बात सामने आई कि कमल सोमानी पुत्र श्रवण सोमानी निवासी दिल्ली के ऊपर करीब 50 लाख रुपए का कर्ज था।

इनके द्वारा अपने नौकर अंशुल कुमार के नाम पर उन्हें बिना बताए एक वर्ष पहले 50 लाख रुपए का बीमा करवाया गया था। इस बीमा की रकम को हासिल करने के लिए उनके द्वारा पुतले का अंतिम संस्कार कर मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त करने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस द्वारा अंशुल से भी संपर्क करके बातचीत की गई, जिसमें यह बात सामने आई कि वह बिल्कुल स्वस्थ हैं और यूपी के प्रयागराज में अपने घर पर ही मौजूद हैं।

 

रिपोर्ट- निशांक शर्मा, हापुड़





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *