
गुरु गोचर
Guru Gochar: गुरु ग्रह 5 दिसंबर को बुध की राशि मिथुन में गोचर कर जाएंगे। सुख, वैभव और ज्ञान के कारक ग्रह गुरु का राशि परिवर्तन करना कुछ राशियों के लिए बेहद शुभ हो सकता है। आज हम आपको ऐसी ही 3 राशियों के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं जिनके लिए गुरु का राशि बदलना शुभ साबित होगा और इनको करियर के क्षेत्र में अनुकूल परिणाम प्राप्त हो सकते हैं।
वृषभ राशि
गुरु ग्रह आपकी राशि से द्वितीय भाव में गोचर करेंगे। इस भाव को धन और कुटुंब का कारक माना जाता है। गुरु की इस भाव में स्थिति आपको धन लाभ दिला सकती है। खासकर उन लोगों को जबरदस्त लाभ हो सकता है जो पैतृक कारोबार करते हैं। इसके साथ ही जमापूंजी में भी वृद्धि होगी। करियर क्षेत्र से जुड़ी कई परेशानियों का अंत इस दौरान हो सकता है। करियर में सफल होने के लिए भाई-बहन का भरपूर सहयोग आपको मिलेगा। सेहत के लिहाज से भी गुरु का गोचर आपके लिए शुभ रह सकता है।
सिंह राशि
इस राशि के लाभ भाव यानि एकादश स्थान में गुरु का गोचर होगा। गुरु के राशि बदलते ही आपकी किस्मत भी बदलेगी। आपके अटकी हुई योजनाएं पूरी हो सकती है। इस दौरान कारोबारी अपने कारोबार का विस्तार करते देखे जा सकते हैं। वहीं रोजगार की तलाश में लगे लोगों को अच्छी नौकरी मिलने की संभावना है। सरकारी क्षेत्रों में कार्यरत लोगों को पदोन्नति मिलने के योग हैं। गुरु का मिथुन राशि में गोचर आपकी वाणी में भी निखार लाएगा और सामाजिक स्तर पर आपको अनुकूल परिणाम मिलेंगे।
कन्या राशि
गुरु ग्रह आपके कर्म भाव में गोचर करेंगे इसलिए शारीरिक और मानसिक रूप से आप सक्रिय नजर आ सकते हैं। आपकी सक्रियता आपको कार्यक्षेत्र में सफल बनाएगी। कुछ लोगों को अतिरिक्त जिम्मेदारी इस दौरान मिल सकती है। विदेश जाकर नौकरी करने का सपना संजोए बैठे हैं तो यह सपना गुरु के राशि बदलने के बाद पूरा हो सकता है। कुछ लोगों को आय के अतिरिक्त स्रोत भी प्राप्त हो सकते हैं। इस राशि के विद्यार्थियों के लिए भी समय अनुकूल रहेगा, गुरुजनों के सहयोग से शिक्षा क्षेत्र में आ रही परेशानियां दूर होंगी।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
ये भी पढ़ें:
