
फैक्ट चेक।
Fact Check: इन दिनों सोशल मीडिया पर किसी भी बात को गलत दावे के साथ पेश करना बहुत ही आसान है। हालांकि इसका बहुत ज्यादा नुकसान भी होता है और ये खतरनाक है। फेक खबरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो जाती हैं। इन्हीं फेक न्यूज से आपको सावधान करने के लिए हम लेकर आते हैं India TV फैक्ट चेक। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक पोस्ट काफी तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि ‘लालू प्रसाद यादव के बेटे और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव राम मंदिर के ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल हुए।’
क्या हो रहा है वायरल?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक पोस्ट में यह दावा किया जा रहा है कि ‘लालू प्रसाद यादव के बेटे और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव राम मंदिर के ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल हुए।’ सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर एक यूजर ने अपनी पोस्ट में यह दावा किया है। इसके साथ ही यूजर ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक फोटो भी शेयर की है। इस तस्वीर में देखा जा सकता है कि तेज प्रताप यादव राम मंदिर के साथ सेल्फी ले रहे हैं। यूजर ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा है, “इसको कहते हैं जले पर नमक छिड़कना, बिहार में तेजस्वी की लुटिया डुबोने के बाद तेजू भैया श्री राम मंदिर के ध्वजारोहण कार्यक्रम में पहुंच गए हैं। आने वाले समय मे बिहार भाजपा में भी दिखाई दे सकते हैं! बोलो जय श्री राम।”

वायरल हो रही पोस्ट का स्क्रीनशॉट।
फैक्ट चेक
चूंकि सोशल मीडिया पर यह पोस्ट काफी तेजी से वायरल हो रही थी, इसलिए हमने दावे की जांच करने का फैसला किया। वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से खोजबीन की, लेकिन इस दौरान हमें किसी भी विश्वसनीय मीडिया संस्थान की ऐसी रिपोर्ट नहीं मिली, जो इस दावे की पुष्टि करती हो। जब इमेज को गूगल रिवर्स इमेज सर्च पर खंगाला गया तो तेज प्रताप यादव की ऐसी ही तस्वीर हमें ‘लाइव हिंदुस्तान’ की एक खबर में मिली, जिसे 24 नवंबर 2025 को प्रकाशित किया गया था। खबर के साथ लगी मूल तस्वीर में साफ दिखता है कि तेज प्रताप के पीछे राम मंदिर नहीं, बल्कि उनके समर्थक खड़े हैं। यानी जो फोटो सोशल मीडिया पर राम मंदिर ध्वजारोहण समारोह से जोड़कर शेयर की जा रही है, वह दरअसल किसी और मौके की है।

लाइव हिंदुस्तान में प्रकाशित खबर का स्क्रीनशॉट।
काफी खोजबीन करने के बाद तेज प्रताप यादव की यह तस्वीर उनके ही आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिल गई। यह तस्वीर उनके एक्स अकाउंट पर 19 सितंबर 2025 को पोस्ट की गई थी। इस पोस्ट के कैप्शन में तेज प्रताप यादव ने लिखा, “आज जन संवाद यात्रा की अगली कड़ी में बख्तियारपुर विधानसभा की धरती पर जन सभा में आए हुए हजारों की संख्या में जनता जनार्दन को संबोधित किया। बिहार आज भ्रष्टाचार, अपराध और गरीबी से जूझ रहा है, लेकिन भाजपा नीतीश सरकार द्वारा कोई काम नहीं किया जा रहा है। हम आप सभी जनता जनार्दन से कहना चाहते हैं इस चुनाव में भाजपा नीतीश की घमंडी सरकार को भगाएं और जनशक्ति के नेतृत्व में जनशक्ति जनता दल की सरकार बनाएं।”

तेज प्रताप यादव के एक्स अकाउंट पर मिली तस्वीर।
फैक्ट चेक में क्या निकला?
India TV की ओर से किए गए फैक्ट चेक में सामने आया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट के साथ किया जा रहा दावा गलत है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट को तेज प्रताप यादव के राम मंदिर ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होने से जोड़कर वायरल किया जा रहा है, जबकि यह तस्वीर एडिट की गई है। ऐसे में इंडिया टीवी के फैक्ट चेक में वायरल हो रहा दावा गलत निकला। सोशल मीडिया पर गलत दावे के साथ इस पोस्ट को वायरल किया जा रहा था, इसलिए लोगों को ऐसी किसी भी पोस्ट से सावधान रहने की सलाह दी जाती है। India TV के फैक्ट चेक में वायरल हो रही इस पोस्ट का दावा झूठा निकला।
यह भी पढ़ें-
Fact Check: बिहार के नालंदा में दलितों के घर पर चला बुलडोजर, दावे का सच क्या है? जानें
Fact Check: मोबाइल टावर लगाने के नाम पर हो रहा है फ्रॉड, हो जाएं सावधान; जान लें सच्चाई
