
गुजरात में SIR के आंकड़े जारी।
चुनाव आयोग के द्वारा भारत के कई राज्यों में वोटर लिस्ट के रीविजन के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया चलाई जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को गुजरात में SIR के आंकड़े जारी कर दिए गए हैं। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, गुजरात में SIR के तहत करीब 73.73 लाख वोटर्स के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं। चुनाव आयोग ने एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान राज्य में 4 करोड़ 34 लाख मतदाताओं का नाम दर्ज किया। फिलहाल चुनाव आयोग के इस मतदाता सूची के ड्राफ्ट पर क्लेम भी किया जा सकता है। क्लेम की अवधि पूरी होने के बाद इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।
17 फरवरी को जारी होगी फाइनल लिस्ट
पिछले डेढ़ महीने से राज्य में SIR की प्रक्रिया जारी थी। इसकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक मतदाता सूची का ड्राफ्ट तैयार किया गया है। वहीं डेढ़ महीने में राज्य में 4 करोड़ 34 लाख मतदाताओं का नाम दर्ज कर लिया गया है। इसके अलावा 5.08 करोड़ मतदाताओं में से 73.73 लाख मतदाताओं का नाम ड्राफ्ट से बाहर हो चुका है। चुनाव आयोग के मुताबिक 18 जनवरी तक जिसे भी इस पर क्लेम करना है वह कर सकते हैं। इसके बाद 10 फरवरी तक अंतिम चरण का काम पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद 17 फरवरी 2026 तक फाइनल सूची का ऐलान कर दिया जाएगा।
गुजरात में SIR के आंकड़े
- स्थानांतरित/अनुपस्थित- 51.86 लाख, 10.20%
- ER में कई जगहों पर इनरोल्ड- 3.81 लाख, 0.75%
- मृतक- 18.07 लाख, 3.55%
- मतदाताओं से EF एकत्र किया गया- 4.34 करोड़, 85.50%
तय समय में पूरी की गई प्रक्रिया
मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरित शुक्ला ने बताया कि निर्धारित समयसीमा में एसआईआर की प्रक्रिया को पूरा करने के लिए 33 जिला निर्वाचन अधिकारी, 182 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 855 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 50963 बीएलओ, 54443 बीएलए तथा 30833 स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता रही। राज्य के मतदाताओं से भी सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ। इसके परिणामस्वरूप, कुल 5,08,43,436 मतदाताओं में से 4,34,70,109 मतदाताओं से गणना प्रपत्र प्राप्त हुए हैं। इन सभी गणना प्रपत्रों का पूर्ण डिजिटलीकरण किया गया है। शहरी क्षेत्रों में महानगरपालिका एवं नगरपालिका के अधिकारियों-कर्मचारियों को भी इस कार्य में जोड़ा गया था।
