
जीत के जश्न के दौरान लगी आग।
पुणे: महाराष्ट्र में हुए निकाय चुनाव की आज मतगणना जारी है। इस दौरान ज्यादातर सीटों पर महायुति की जीत होती दिख रही है। वहीं जीत के बाद महायुति कार्यकर्ताओं में जश्न का भी माहौल है। इस बीच महाराष्ट्र के पुणे से एक बुरी खबर सामने आ रही है। यहां स्थानीय निकाय चुनाव में जीत के बाद कार्यकर्ता जश्न मना रहे ते। इसी दौरान हादसा हो गया। यहां जेजुरी के पास विजय उत्साह में हल्दी उड़ाते समय आग का दिया गिरने से आग लग गई। इस घटना में लगभग 8 से 9 लोगों के घायल होने की खबर सामने आ रही है।
जीत के जश्न के दौरान लगी आग
प्राथमिक रूप से मिली जानकारी के मुताबिक जीतने वाले कैंडिडेट भी घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस की टीम अभी मामले की जांच कर रही है। पुलिस पटाखे की वजह से भी आग लगने का अंदेशा जता रही है। मिली जानकारी के मुताबिक पुणे के जेजुरी मंदिर की सीढ़ियों के पास स्थानीय निकाय चुनाव में जीत के जश्न के दौरान चढ़ाए जा रहे हल्दी-कुमकुम में आग लगने से 8 से 9 लोग घायल हो गए। यह जानकारी पुणे पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी। अधिकारी के अनुसार, मतगणना पूरी होने के बाद पार्टी कार्यकर्ता भगवान खंडेराया के चरणों में भंडारा चढ़ाने के लिए एकत्र हुए थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ।
घटना की जांच में जुटी पुलिस
पुणे (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक संदीप गिल ने बताया कि भंडारे का कुछ हिस्सा जलते हुए दीये पर गिर गया, जिससे आग भड़क उठी और कई लोग झुलस गए। उन्होंने कहा कि मामले की आगे जांच जारी है। मिली जानकारी के मुताबिक, इस घटना में आज जीत दर्ज करने वाले कुछ स्थानीय नगर सेवक भी शामिल हैं, जिन्हें आग लगने की वजह से चोट आई है। आग लगने की वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस को अंदेशा है कि मंदिर के पास दिया या पटाखे फूटने की वजह से यह आग लगी होगी।
यह भी पढ़ें-
