ऐसे ‘बंगाली बाबा’ से रहें सावधान… भूत-प्रेत का डर दिखाकर परिवार से हड़प लिया 10 लाख


फर्जी बंगाली बाबा हुआ गिरफ्तार- India TV Hindi
Image Source : REPORTER
फर्जी बंगाली बाबा हुआ गिरफ्तार

राजस्थान के झुंझुनूं जिले की मेहाड़ा थाना पुलिस ने अंधविश्वास और भूत-प्रेत का डर दिखाकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक फर्जी बंगाली बाबा को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक ही परिवार से अनुष्ठान और तांत्रिक क्रिया के नाम पर करीब 10 लाख 10 हजार 840 रुपये की धोखाधड़ी की थी।

मामले का खुलासा तब हुआ जब 28 अक्टूबर 2025 को सिहोड़ निवासी परिवादी राजेश सोनी ने मेहाड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि कुछ समय पहले एक व्यक्ति बर्तन बेचने के बहाने उनके घर आया था। उसने राजेश के बड़े भाई नरहरी को देखकर दावा किया कि उन पर भूत-प्रेत का साया है। ठग ने झांसा दिया कि बंगाल के एक सिद्ध महाराज इसका इलाज कर सकते हैं, जिन्होंने उसकी पत्नी को भी ठीक किया था।

बंगाली महाराज ने की तांत्रिक क्रिया

इसके बाद तथाकथित बंगाली महाराज शिवकांत शर्मा उनके घर आया और बताया कि पूरे घर में तांत्रिक क्रिया कर दी गई है, जिसके निवारण के लिए विशेष अनुष्ठान करना आवश्यक है। आरोपी ने तंत्र विद्या और सम्मोहन के जरिए परिवादी के परिवार और रिश्तेदारों को अपने प्रभाव में ले लिया और अनिष्ट की आशंका दिखाकर अनुष्ठान के नाम पर छल-कपट करते हुए करीब 10 लाख 10 हजार 840 रुपये ठग लिए। 

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम द्वारा आरोपी की तलाश निजामपुर, नांगलचौधरी, पावटा, शाहपुरा, कोटपूतली, दौसा, लालसोट, सवाई माधोपुर सहित राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई क्षेत्रों में की गई।

तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने अंततः मौजा पिपराही, जिला अशोकनगर (मध्य प्रदेश) स्थित बालाजी मंदिर परिसर से आरोपी शिवकांत शर्मा को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी से ठगी की गई राशि की बरामदगी के संबंध में अनुसंधान जारी है।

(रिपोर्ट- अमित शर्मा)

ये भी पढ़ें-

दिल्ली-NCR में Ola-Uber की चलेंगी बसें? बैठक में CM रेखा गुप्ता ने की चर्चा; PUC नियमों में हुआ बड़ा बदलाव

हिजाब विवाद: डॉ. नुसरत परवीन की ज्वॉइनिंग पर सस्पेंस बरकरार, स्वास्थ्य विभाग ने दिया आखिरी मौका





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *