
जेमिमा रोड्रिग्ज
वुमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 की शुरुआत 9 जनवरी से होने वाली है। इस टूर्नामेंट के लिए सभी टीमों छह टीमों ने अपनी-अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। इस बीच टूर्नामेंट के शुरू होने से ठीक पहले दिल्ली कैपिटल्स की फ्रेंचाइजी एक बड़ा फैसला लेने जा रही है। दरअसल WPL के आगामी सीजन के लिए जेमिमा रोड्रिग्ज को दिल्ली कैपिटल्स का कप्तान नियुक्त किया जा सकता है। दिल्ली की फ्रेंचाइजी ने इस बात के संकेत दिए हैं।
वनडे वर्ल्ड कप में जेमिमा का प्रदर्शन रहा था शानदार
क्रिकबज की एक रिपोर्ट के मुताबिक जेमिमा रोड्रिग्ज आगामी सीजन में कप्तानी की भूमिका संभालेंगी। जेमिमा ने हाल ही में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उस मैच में जेमिमा ने शतक लगाया था। दिल्ली की फ्रेंचाइजी ने WPL 2026 के मेगा ऑक्शन से पहले पूर्व कप्तान मेग लैनिंग को रिलीज कर दिया था, जबकि उन्होंने जेमिमा को रिटेन किया था। जेमिमा के कप्तान बनने की आधिकारिक घोषणा मंगलवार (23 दिसंबर) को होने की उम्मीद है।
दिल्ली कैपिटल्स ने शेयर किया है एक स्पेशल वीडियो
दिल्ली कैपिटल्स ने 22 दिसंबर को एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने बताया कि मंगलवार, 23 दिसंबर को शाम 6 बजे स्टार स्पोर्ट्स और जियोहॉटस्टार पर एक बड़ी घोषणा की जाएगी। इसके बाद से ही फैंस ने कई तरह के कयास लगाने शुरू कर दिए हैं। फैंस का मानना है कि दिल्ली कैपिटल्स वुमेंस प्रीमियर लीग के लिए नई कप्तान की घोषणा करने वाली है। कई फैंस जेमिमा रोड्रिग्ज को कप्तानी के लिए फर्स्ट चॉइस ऑप्शन बता रहे हैं।
कप्तान बनने की रेस में सबसे आगे हैं जेमिमा
25 साल की जेमिमा ने अभी तक भारतीय टीम की भी कप्तानी नहीं की है। लेकिन मेग लैनिंग के फ्रैंचाइजी से अलग होने के बाद जेमिमा कप्तानी की रेस में सबसे आगे आ गई हैं। हाल ही में दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ीं लॉरा वोल्वार्ट, जिन्होंने साउथ अफ्रीका को महिला वर्ल्ड कप फाइनल तक पहुंचाया, वो भी कप्तानी की रेस में शामिल थीं। लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के मालिक पार्थ जिंदल ने संकेत दिया कि जेमिमा ही कप्तान बनेंगी। उन्होंने कहा था कि फ्रेंचाइजी भारतीय खिलाड़ी को ही कप्तान बनाना चाहती है।
यह भी पढ़ें
स्निकोमीटर विवाद पर मिचेल स्टार्क ने तोड़ी चुप्पी, तेज गेंदबाज ने DRS को लेकर ICC पर बनाया दबाव
जो रूट तोड़ सकते हैं शुभमन गिल का बड़ा रिकॉर्ड, बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच में बनाने होंगे इतने रन
