ढाका में PM मोदी का शोक संदेश लेकर पहुंचे विदेश मंत्री एस. जयशंकर


Khaleda Zia, Tarique Rahman, Narendra Modi- India TV Hindi
Image Source : ANI
एस. जयशंकर ने पीएम मोदी का शोक संदेश खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान को दिया।

ढाका: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया के निधन पर भारत ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से संवेदना पत्र और भारत सरकार व भारतीय जनता की ओर से श्रद्धांजलि संदेश लेकर विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर बुधवार को ढाका पहुंचे। उन्होंने बांग्लादेश के लोगों को इस दुख की घड़ी में भारत की संवेदनाएं पहुंचाईं और खालिदा जिया के लोकतंत्र में योगदान को याद किया। भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज हामिदुल्लाह ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि डॉ. एस. जयशंकर ने ढाका में प्रधानमंत्री मोदी का शोक संदेश सौंपते हुए कहा कि भारत, बांग्लादेश के साथ इस दुख की घड़ी में खड़ा है।

मंगलवार को हुआ था खालिदा जिया का निधन

रियाज हामिदुल्लाह ने कहा कि जयशंकर ने पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के लंबे राजनीतिक जीवन और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनके योगदान को भी सम्मानपूर्वक स्वीकार किया। बता दें कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर बुधवार सुबह 11:30 बजे एक विशेष विमान से ढाका पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त प्रणय वर्मा ने किया। बेगम खालिदा जिया का निधन मंगलवार को ढाका में लंबी बीमारी के बाद हुआ था। वह 80 वर्ष की थीं। खालिदा जिया बांग्लादेश की राजनीति की सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक रहीं और 3 बार देश की प्रधानमंत्री बनीं। वह लंबे समय तक बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की अध्यक्ष भी रहीं।

Latest World News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *