
पीएम मोदी ने खालिदा जिया के निधन पर लिखा पत्र। (फाइल फोटो)
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बीएनपी की वरिष्ठ नेता खालिदा जिया का बीते मंगलवार को ढाका में निधन हो गया। उन्होंने 80 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। खालिदा जिया को बुधवार को ढाका में संसद के करीब उनके पति जियाउर रहमान की कब्र के बगल में सुपुर्द ए खाक किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग वहां मौजूद रहे। भारत की ओर से विदेश मंत्री एस जयशंकर खालिदा जिया को श्रद्धांजलि देने के लिए बुधवार को ढाका पहुंचे थे। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान को उनकी मां के निधन पर पत्र लिखा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीएनपी के कार्यवाहक अध्यक्ष और बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान को उनकी मां के निधन पर पत्र लिखा। पीएम मोदी ने पत्र में कहा है- “प्रिय तारिक रहमान साहब, आपकी मां, बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की अध्यक्ष, बेगम खालिदा जिया के निधन के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ। कृपया इस व्यक्तिगत क्षति पर मेरी संवेदना स्वीकार करें। उनकी आत्मा को शांति मिले।”
पीएम मोदी ने पत्र में आगे लिखा- “मुझे जून 2015 में ढाका में बेगम साहिबा के साथ अपनी मुलाकात और चर्चा याद है। वह दुर्लभ संकल्प और दृढ़ विश्वास की नेता थीं और उन्हें बांग्लादेश की पहली महिला प्रधान मंत्री होने का गौरव प्राप्त था। उन्होंने बांग्लादेश के विकास के साथ-साथ भारत-बांग्लादेश संबंधों को मजबूत करने में कई महत्वपूर्ण योगदान दिए।”
