न्यूयॉर्क का मेयर बनते ही ममदानी ने किया ऐसा काम कि भड़क गया इजरायल, दिया बड़ा बयान


New York Mayor, Zohran Mamdani, Israel controversy- India TV Hindi
Image Source : AP
न्यूयॉर्क के नए मेयर जोहरान ममदानी।

तेल अवीव: न्यूयॉर्क शहर के नए मेयर जोहरान ममदानी ने पद संभालते ही ऐसा काम किया है कि इजरायल भड़क उठा है। इजरायल की सरकार ने ममदानी पर ‘एंटीसेमिटिज्म’ यानी यहूदियों से नफरत का आरोप लगाया है। यह आरोप इसलिए लगा क्योंकि ममदानी ने पुराने मेयर द्वारा जारी किए गए 2 आदेशों को रद्द कर दिया। ये आदेश शहर की एजेंसियों को इजरायल का बॉयकॉट करने से रोकते थे और इजरायल की कुछ आलोचनाओं को एंटीसेमिटिक या यहूदी विरोधी मानते थे।

‘पहले ही दिन ममदानी ने अपना असली चेहरा दिखा दिया’

इजरायल के विदेश मंत्रालय ने ‘X’ पर लिखा, ‘न्यूयॉर्क सिटी के मेयर के रूप में अपने पहले ही दिन ममदानी ने अपना असली चेहरा दिखा दिया। उन्होंने एंटीसेमिटिज्म की IHRA परिभाषा को रद्द कर दिया और इजरायल के बॉयकॉट पर लगी पाबंदियां हटा दीं। यह नेतृत्व नहीं है। यह खुली आग पर एंटीसेमिटिक पेट्रोल छिड़कने जैसा है।’ ममदानी ने ये आदेश अपने शपथ ग्रहण के कुछ ही घंटे बाद गुरुवार दोपहर को साइन किए। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने पूर्व मेयर एरिक एडम्स के जारी किए गए इन निर्देशों को वापस ले लिया।

‘हम यहूदियों की सुरक्षा का वादा पूरा करेंगे, लेकिन…’

शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ममदानी ने अपने फैसले का बचाव करते हुए कहा कि शहर के कई यहूदी गुटों ने भी इस व्यापक परिभाषा पर चिंता जताई थी। उन्होंने आगे समझाया कि नए मेयर के पास मौजूदा आदेशों को जारी रखने, रद्द करने या बदलने का विकल्प होता है। ममदानी ने कहा, ‘हम यहूदियों की सुरक्षा का वादा पूरा करेंगे, लेकिन ऐसे तरीके से जो वाकई कारगर हो।’ बता दें कि 34 साल के जोहरान ममदानी एक डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट हैं, और उनका सबसे बड़ा चुनावी वादा अमेरिका के सबसे महंगे शहरों में से एक न्यूयॉर्क में जीवन-यापन के खर्चे कम करने का था।

न्यूयॉर्क के पहले मुस्लिम और दक्षिण एशियाई मेयर हैं ममदानी

गुरुवार को शपथ लेते ही वह न्यूयॉर्क सिटी के 112वें मेयर बन गए। वह शहर के पहले मुस्लिम मेयर हैं, पहले दक्षिण एशियाई मेयर हैं और पिछले 100 सालों में सबसे युवा मेयर हैं। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद ममदानी ने कहा, ‘यह वाकई जीवन का सबसे बड़ा सम्मान और विशेषाधिकार है।’ ममदानी का शपथ ग्रहण आधी रात के बाद एक निजी समारोह में हुआ, जिसमें उनकी पत्नी रामा दुवाजी, उनकी मां फिल्ममेकर मीरा नायर और पिता शिक्षाविद महमूद ममदानी भी मौजूद थे।

Latest World News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *