पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले TMC को बड़ा झटका, सांसद मौसम नूर कांग्रेस में शामिल


टीएमसी सांसद मौसम नूर - India TV Hindi
Image Source : ANI
सांसद मौसम नूर

नई दिल्लीः पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) को बड़ा झटका लगा है। टीएमसी सांसद मौसम बेनज़ीर नूर शनिवार को कांग्रेस में शामिल हो गईं। दिल्ली में कांग्रेस के सीनियर नेताओं ने मौसम नूर को पार्टी में शामिल कराया। मौसम नूर मालदा दक्षिण से कांग्रेस सांसद ईशा खान चौधरी की चचेरी बहन हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मौसम नूर ने कहा, “मैं कांग्रेस पार्टी को धन्यवाद देती हूं कि उन्होंने मुझे फिर से अपने साथ काम करने का मौका दिया। कांग्रेस परिवार के सदस्य के तौर पर, हम विरासत को मज़बूत करना चाहते हैं। मेरे चाचा ने मालदा के लोगों के लिए काम किया था। उनकी विरासत को जारी रखने के लिए, हमें एकजुट रहने की ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी को मज़बूत करने के लिए काम करेंगी। 

सोमवार को राज्यसभा से भी देंगी इस्तीफा

मौसम नूर ने कहा कि मैंने पहले ही तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। मैंने अपना इस्तीफा तृणमूल कांग्रेस की चेयरपर्सन ममता दीदी को सौंप दिया है और मैं सोमवार को राज्यसभा सांसद के पद से भी इस्तीफा दे दूंगी। 

सांसद ने कहा कि मैं पार्टी को मज़बूत करने के लिए बहुत मेहनत करूंगी क्योंकि बंगाल के लोग, मालदा के लोग, कांग्रेस में विश्वास करते हैं। वे कांग्रेस की धर्मनिरपेक्षता, विकास और शांति की विचारधाराओं में विश्वास करते हैं। मौसम नूर ने आगे कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी। मैंने कांग्रेस से शुरुआत की थी। मैं वापस आ रही हूं। 

मालदा जिले की सीनियर नेता हैं मौसम नूर

मौसम बेनज़ीर नूर पश्चिम बंगाल से राज्यसभा सांसद और पश्चिम बंगाल महिला आयोग की वाइस चेयरपर्सन हैं। वह मालदा ज़िला TMC की अध्यक्ष और 2009 से 2019 तक मालदा उत्तर से सांसद थीं। नूर मालदा ज़िले के एक राजनीतिक बंगाली मुस्लिम परिवार से हैं। उनकी मां, रूबी नूर, सुजापुर निर्वाचन क्षेत्र से लगातार तीन बार पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए चुनी गईं थी।

नूर के चाचा, ए. बी. ए. गनी खान चौधरी इंदिरा गांधी सरकार में रेल मंत्री थे। नूर ने ला मार्टिनियर कलकत्ता में पढ़ाई की और कलकत्ता विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री हासिल की। ​​राजनीति में आने से पहले उन्होंने फॉक्स एंड मंडल नाम की कानूनी फर्म में काम किया और दो साल तक भारत के सुप्रीम कोर्ट में फुल-टाइम वकील के तौर पर प्रैक्टिस की।

 





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *