दिल्ली में विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू, LG ने बताया, सरकार ने अब तक क्या-क्या किया


उपराज्यपाल वीके सक्सेना।- India TV Hindi
Image Source : ANI
उपराज्यपाल वीके सक्सेना।

दिल्ली विधानसभा का चार दिवसीय शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो रहा है। इसमें प्रदूषण और सरकार द्वारा पेश की जाने वाली तीन कैग रिपोर्ट पर गरमागरम बहस होने की संभावना है। LG के अभिभाषण के साथ सत्र की शुरुआत होगी। वायु प्रदूषण की समस्या के मूल कारणों पर चर्चा करने और पूर्व के उपायों का आकलन करने के अलावा, रेखा गुप्ता सरकार तीन कैग रिपोर्ट पेश करेगी। ये कैग रिपोर्ट अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री रहते पुनर्निर्मित बंगले पर, दिल्ली जल बोर्ड के कामकाज पर और आम आदमी पार्टी के शासनकाल के दौरान दिल्ली सरकार द्वारा संचालित विश्वविद्यालयों पर होंगी।

अभिभाषण में क्या बोले एलजी

दिल्ली के उपराज्यपाल ने विधानसभा सत्र से पहले अभिभाषण दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में कुल व्यय का 13% खर्च किया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना लागू की गई है, जिसमें अब तक 6 लाख 72 हजार कार्ड जारी किए जा चुके हैं। 188 अस्पतालों को इससे जोड़ा गया है। वहीं अब तक 19 हजार लोगों को इस योजना का लाभ मिल चुका है। आगे उन्होंने कहा कि स्कूलों की मनमानी फीस पर रोक लगाने के लिए सरकार बिल लेकर आई। इसके अलावा 150 APJ अब्दुल कलाम प्रयोगशालाएं बनाई जा रही हैं।  9वीं से 12वीं तक के सभी कक्षाओं को डिजिटल किया जा रहा है। वहीं 175 IT लैब भी बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 3535 इलेक्ट्रिक बसे हैं। सरकार 36 हजार चार्जिंग स्टेशन बनाने की योजना पर काम कर रही है। सरकार ने कम समय में ही 150 KM सड़कों का नवीनीकरण किया है।

तैयार किया जा रहा नया ड्रेनेज प्लान

उपराज्यपाल ने कहा कि मई 2026 तक बारापुला फेस 3 का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा दिल्ली के लिए नया ड्रेनेज प्लान तैयार किया जा रहा है, जिसकी लागत 56 हज़ार करोड़ होगी। वहीं दिल्ली में 100 में से 45 अटल कैंटीन शुरू हो गए हैं। यमुना की सफाई के लिए नए STP लगाए जा रहे हैं। दिल्ली जल बोर्ड को जलापूर्ति के लिये 9000 करोड़ दिए गए हैं। वायु प्रदूषण को लेकर उपराज्यपाल ने कहा कि दिल्ली में 6 नए एयर क्वालिटी स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। दिल्ली में पराली जलाने की घटना शून्य कर दी गई है। इसके अलावा RWA को फ्री में 300 हीटर दिए गए हैं। वहीं 650 मिस्ट स्प्रे सिस्टम लगाए गए हैं।

सीएम ने सत्र शुरू होने से पहले क्या कहा

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “विधानसभा के शीतकालीन सत्र का अभिनंदन करते हुए, मैं कहना चाहूंगी कि सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को अपनी ज़िम्मेदारियां निभानी चाहिए। विधानसभा का यह सत्र पॉलिसी और डिलीवरी के लिए बुलाया गया है, जहां महत्वपूर्ण चर्चाएं होती हैं। खासकर प्रदूषण जैसे मुद्दों पर, जिन पर सरकार ने सभी को चर्चा के लिए बुलाया है, सभी विधायकों को बहस में हिस्सा लेना चाहिए और दिल्ली को बेहतर समाधान देने के लिए मिलकर काम करना चाहिए। यह सत्र बहुत महत्वपूर्ण है, और यह हमारी ज़िम्मेदारी है कि हम इसके हर पल का इस्तेमाल दिल्ली की भलाई के लिए करें।”

विपक्ष ने सरकार पर साधा निशाना

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और AAP नेता आतिशी ने कहा, “4 महीने से दिल्ली के लोग सांस नहीं ले पा रहे, बच्चों का दम घुट रहा है, बुजुर्गों की जान जा रही है। AIIMS जैसे अस्पताल कह रहे हैं कि दिल्ली में लोगों की जीना मुश्किल हो रहा है। लेकिन दिल्ली सरकार क्या कर रही है? AQI मॉनिटर्स को मैनिपुलेट कर रही है। GRAP सही तरीके नहीं लगा रही। आज दिल्ली वालों को सांस लेने के लिए ये मास्क पहनने पड़ रहे हैं। आज दिल्ली की जनता की आवाज बनकर भाजपा का भंडाफोड़ करने के लिए AAP के सभी विधायक ये मास्क पहन कर आए हैं।”

यह भी पढ़ें-

धुले में गुरुद्वारे की गद्दी को लेकर खूनी संघर्ष, पथराव में दो घायल, छोड़े गए आंसू गैस के गोले

बेंगलुरु में धार्मिक जुलूस पर पत्थरबाजी, हिंदू संगठनों ने दर्ज कराई शिकायत





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *