
ऋतुराज गायकवाड़
स्टार बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ ने विजय हजारे ट्रॉफी में गुरुवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया। गायकवाड़ ने गोवा के खिलाफ 131 गेंदों पर 134 रन की बेहतरीन पारी खेली और इस दौरान कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। इस शतक के साथ ऋतुराज गायकवाड़ ने विजय हजारे ट्रॉफी के इतिहास में सबसे ज्यादा शतकों (15) के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। यह रिकॉर्ड पहले उनके ही साथी खिलाड़ी अंकित बावने के नाम था। हालांकि इससे भी बड़ी उपलब्धि यह रही कि गायकवाड़ लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज 20 शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।
विराट कोहली और बाबर आजम से भी आगे
गायकवाड़ ने महज 95 पारियों में 20 लिस्ट-A शतक पूरे कर लिए, जबकि इससे पहले यह रिकॉर्ड भारत के मयंक अग्रवाल और पाकिस्तान के खुर्रम मंजूर (129 पारियां) के नाम था। इस सूची में पाकिस्तान के बाबर आजम (131 पारियां) और भारत के दिग्गज विराट कोहली (143 पारियां) उनसे काफी पीछे हैं। हालांकि यह ध्यान देने वाली बात है कि विराट और बाबर के अधिकांश शतक इंटरनेशनल क्रिकेट में आए हैं, लेकिन इसके बावजूद ऋतुराज की उपलब्धि को कम करके नहीं आंका जा सकता। उन्होंने भारतीय टीम में अपनी दावेदारी और मजबूत कर दी है। हैरानी की बात यह है कि दिसंबर 2025 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपना पहला ODI शतक लगाने के बावजूद ऋतुराज गायकवाड़ को जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की ODI सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं मिली।
मैच का हाल
28 साल के गायकवाड़ ने अपनी पारी में 8 चौके और 6 छक्के जड़े। उनकी इस शतकीय पारी की बदौलत महाराष्ट्र ने 249/7 का स्कोर खड़ा किया। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और महाराष्ट्र ने गोवा को सिर्फ 3 रन से हरा दिया। इस पारी के दौरान गायकवाड़ ने लिस्ट-A क्रिकेट में 5000 रन भी पूरे कर लिए और यह कारनामा भी उन्होंने सबसे तेजी से किया। ऋतुराज गायकवाड़ आने वाले IPL 2026 सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की कप्तानी करते नजर आएंगे। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि वह इस शानदार फॉर्म को IPL में बरकरार रख पाते हैं या नहीं।
यह भी पढ़ें:
वैभव सूर्यवंशी की कप्तानी में साउथ अफ्रीका का सूपड़ा साफ, लेकिन वर्ल्ड कप में नहीं मिलेगी कमान
अभिषेक शर्मा की गेंदबाजी में हुई जमकर पिटाई, एक ओवर में लुटा डाले इतने रन; फिर भी जीत गई टीम
