
विराट कोहली
IND vs NZ: भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने वडोदरा में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले ODI में बड़ा कीर्तिमान रच दिया। रोहित शर्मा के 26 रन बनाकर आउट होने के बाद मैदान पर उतरे विराट कोहली ने तेजी से 25 रन बटोरते हुए इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 28000 रन पूरे कर लिए। विराट यह मुकाम हासिल करने वाले दुनिया के सिर्फ तीसरे बल्लेबाज हैं। इससे पहले महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा ने यह बड़ा कारनामा किया था।
विराट कोहली अब इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज 28 हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने सचिन तेंदुलकर का बहुत बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त किया। सचिन तेंदुलकर ने 644 पारियों में 28000 रन पूरे किए थे। वहीं, कुमार संगाकारा ने यह कमाल 666 पारियों में किया था। विराट ने 624वीं पारी में यह मुकाम हासिल किया।
सबसे तेज 28000 रन बनाने वाले बल्लेबाज
- विराट कोहली – 624 पारी
- सचिन तेंदुलकर- 644 पारी
- कुमार संगाकारा – 666 पारी
कुमार संगकारा छूटे पीछे
इसके कुछ देर बाद ही विराट कोहली ने कुमार संगकारा का एक और रिकॉर्ड तोड़ दिया। दरअसल, विराट ने अपनी पारी के दौरान तेजी से 42 रन अपने खाते में करते ही इंटरनेशनल क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने कुमार संगकारा को पीछे छोड़ा। विराट के अब तीनों फॉर्मेट में कुल 28017 रन हो गए हैं। वहीं, कुमार संगकारा ने तीनों फॉर्मेट में कुल मिलाकर 28016 रन बनाए थे। भारत के महान सचिन तेंदुलकर के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। सचिन ने 664 मैचों की 782 पारियों में 48.25 की औसत से 34357 रन बनाए हैं। उन्होंने अपने शानदार करियर में 100 शतक और 164 अर्धशतक जड़े।
इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
- सचिन तेंदुलकर – 34357 रन
- विराट कोहली – 28017 रन
- कुमार संगकारा – 28016 रन
- रिकी पोंटिंग – 27483 रन
- महेला जयवर्धने – 25957 रन
गौरतलब है कि विराट कोहली टेस्ट और T20I क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं। कोहली अब सिर्फ ODI क्रिकेट खेलते हैं। हाल ही में उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ ODI सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। अब न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के तीनों मैचों में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है।
यह भी पढ़ें:
रोहित और विराट की धमाकेदार एंट्री ने लूटी महफिल, अलमारी का दरवाजा खोल दर्शकों को दिया सरप्राइज
