
सुप्रिया सुले
महाराष्ट्र निकाय चुनाव के बीच एनसीपी (शरद पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने कहा कि उन्हें हमेशा से अजित पवार पर भरोसा था और आज भी बरकरार है। इंडिया टीवी के साथ एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि अजीत पवार के नेतृत्व पर उन्हें कल भी भरोसा था और आज भी है। दोनों की विचारधारा एक है। हालांकि, साथ आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पहले चुनाव खत्म होने दीजिए, इसके बाद देखते हैं। एनसीपी के दोनों गुटों के मर्जर पर उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्होंने कुछ नहीं सोचा है। इसका कोई प्रस्ताव भी नहीं है।
सुप्रिया ने कहा कि अजित पवार पर उन्होंने कभी आरोप नहीं लगाया। सारे आरोप देवेंद्र फडणवीस के हैं, उन्हीं को जवाब देना होगा। हम लोग जब साथ में थे या अलग भी हुए तब भी हमने कभी अजित पवार पर कोई आरोप नहीं लगाया। चुनाव में पैसों के इस्तेमाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से काफी पैसा लगाया जा रहा है और यह सशक्त लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है,जिसके पास पैसा होगा वही चुनाव जीतेगा। ऐसे में आम आदमी कभी चुनाव लड़ ही नहीं सकता।
घोषणापत्र पर साधा निशाना
सुप्रिया ने कहा कि भाजपा जिन योजनाओं की घोषणा करती है और उनका जो इंप्लीमेंटेशन है उसमें तो काफी अंतर होता है। भाजपा-शिवसेना के मेनिफेस्टो पर उन्होंने कहा, “गड्ढे मुक्त मुंबई करने के लिए आपको किसने रोका था। 25 साल से भाजपा, शिवसेना के साथ मुंबई नगर निगम में सत्ता पर थी तो फिर आपको गड्ढे मुक्त करने के लिए वक्त क्यों लगा और महाराष्ट्र में भी उनकी 10 साल से सरकार है। 10 साल से उन्होंने गड्ढे के बारे में क्यों नहीं सोचा। जब वह कहते थे कि 70 साल से आपने क्या किया तो फिर आपको 10 साल हुए हैं तो फिर आपने क्या किया।”
बांग्लादेशी मुसलमानों के मुद्दे पर घेरा
बांग्लादेशी मुसलमानों को मुंबई से बाहर निकाले जाने के भाजपा के चुनावी वादे पर उन्होंने कहा कि होम मिनिस्टर किसके पास है। केंद्र और राज्य में होम मिनिस्टर तो आप ही हैं तो फिर उसका जवाब तो आपको ही देना होगा। मुझे अच्छा लग रहा है कि भाजपा पार्टी विद डिफरेंस है, जो विकास के बारे में बात करती थी। आज वह पूरी तरह से भटक गई है, क्योंकि उनके पास मुद्दे ही नहीं रहे। इस राज्य ने उनको इतना बड़ा मैंडेट दिया है, लेकिन आप नागरिकों के जीवन में कौन सा नया बदलाव ला रहे हैं। इतने लोग बांग्लादेश से यहां आए कैसे। सरकार क्या कर रही थी और उसके लिए सिर्फ भाजपा जिम्मेदार है। आज नेशनल सिक्योरिटी बॉर्डर सिक्योरिटी किसके पास है वह तो बीजेपी की ही है और डिपार्टमेंट भी भाजपा के पास है केंद्र और राज्य में भाजपा है तो उसका जवाब बीजेपी को देना चाहिए। सारा अच्छा उनका और वह सत्ता में भी रहे तो सारा गंदा सिर्फ हमारा कैसे हो सकता है।
चुनाव में पैसे के इस्तेमाल पर बोलीं
चुनावी घोषणापत्र में मुम्बई वासियों को मुम्बई में ही घर देने के मुद्दे पर सुप्रिया ने कहा कि 10 साल से उनकी सरकार है तो इतने सालों में क्यों नहीं किया। जब कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस की सरकार थी तो अफॉर्डेबल हाउसिंग स्कीम हमने ही लायी थी। यह सारा काम हमने किया है तो 10 साल में उनकी सरकार रहते हुए उन्होंने क्यों नहीं किया। चुनाव में पैसे इस्तेमाल के मुद्दे पर उन्होंने कहा, “मुझे बहुत डिस्टर्बिंग इलेक्शन लग रहा है, क्योंकि राजनीतिक का स्तर बहुत घटिया है। इस समय विकास के बारे में कोई बोल ही नहीं रहा। मोदी जी ने कहा था भ्रष्टाचार मुक्त भारत करेंगे। यह जो अब हो रहा है उसकी ईडी और सीबीआई की जांच होनी चाहिए।”
बीजेपी की क्रेडिबिलिटी पर सवाल
सुप्रिया सुले ने अजित पवार पर घोटाले के आरोप लगाने पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि 70000 करोड़ के सिंचाई घोटाले के बारे में भाजपा को ही जवाब देना होगा, क्योंकि भाजपा ने ही आरोप लगाए थे। भाजपा के क्रेडिबिलिटी का सवाल है, क्योंकि जिन पर भाजपा ने आरोप लगाए वह सभी बीजेपी में चले गए और अब इसका जवाब भाजपा को ही देना होगा कि सच क्या है झूठ क्या है? हमने किसी पर आरोप नहीं लगाए। झूठे आरोप लगाओ, घर तोड़ो,पार्टियां तोड़ो। यही तो बीजेपी करती है। जो आज भाजपा में है उसमें से 60% लोग राष्ट्रवादी कांग्रेस और कांग्रेस के हैं। भाजपा के लोग ही कहते हैं कि उनकी पार्टी सिर्फ मोदी जी के कारण ही चल रही है।
अजित पवार और नवाब मलिक का समर्थन किया
सुप्रिया सुले ने कहा, “नवाब मलिक हो, अजित पवार हो या अनिल देशमुख हो। हमारा जो कल स्टैंड था। आज भी वही है। नवाब मलिक को जितना अजित पवार की पार्टी ने डिफें नहीं किया उतना मैंने किया है। अजित पवार पर मैंने कभी आरोप नहीं लगाए हैं। सारे आरोप देवेंद्र फडणवीस ने किए हैं, उन्हीं को जवाब देना होगा। हम लोग जब साथ में थे या अलग भी हुए तब भी हमने कभी अजित पवार पर कोई आरोप नहीं लगाए। हमने ना कभी ऐसी घटिया राजनीति नहीं की है और ना कभी करेंगे, लेकिन भाजपा ने यह सब जो किया यह बड़ी दुख की बात है।
अजित पवार पर पूरा भरोसा
सुप्रिया सुले ने कहा कि अजीत पवार के नेतृत्व पर मुझे कल भी भरोसा था और आज भी मुझे भरोसा है जो अच्छा है वह अच्छा है। उन्होंने कहा, “हम राज्य की सेवा के लिए एक साथ आए हैं और पूरे मन से अब मेहनत से हम नगर निगम का चुनाव जीतना चाहते हैं। पुणे नगर निगम और पिंपरी चिंचवड नगर निगम चुनाव में हम अजित दादा पवार के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ रहे हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस अजित पवार और हमारी आईडियोलॉजी एक ही है।” मर्जर पर उन्होंने कहा कि वक्त ही बताया कि क्या होगा। मैं स्पैक्यूलेशन नहीं करना चाहती हूं। अभी तो हम सिर्फ दो ही जगह साथ में चुनाव लड़ रहे हैं। मर्जर के बारे में हमने कुछ सोचा नहीं है और अभी तक इस बारे में कोई प्रपोज टेबल पर नहीं है। फैमिली अलग है और पॉलिटिक्स अलग है। वक्त के साथ सब हल हो जाता है, लेकिन पॉलिटिकल डिस्टेंस हम दोनो में आज भी है। चुनाव के लिए हम सिर्फ दो नगर निगम में साथ हैं। हमारे बीच पॉलिटिकल डिस्टेंस है। यह वक्त बताएगा कि साथ आएंगे या नहीं पर पहले चुनाव तो खत्म होने दीजिए उसके बाद देखते हैं।
यह भी पढ़ें-
