
अमेरिका ने नागरिकों से ईरान छोड़ने को कहा।
ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन हिंसक हो चुके हैं। देश के विभिन्न हिस्सों में गोलीबारी और आगजनी सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक, ईरान में जारी प्रदर्शनों में अब तक करीब 600 लोगों की मौत हो चुकी है। दूसरी ओर ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ भी तेहरान की सड़कों पर भीड़ उतर आई है। हजारों की तादाद में सरकार समर्थक प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच अब अमेरिका ने ईरान में अपने नागरिकों को अभी के अभी देश छोड़ने की सलाह दी है। अमेरिका ने नागरिकों से आर्मेनिया या तुर्की के रास्ते ईरान छोड़ने को कहा है।
ईरान के साथ बातचीत के संकेतों के बीच अमेरिका ने अपने नागरिकों को फौरन ईरान छोड़ने की सलाह दी है। ईरान में अमेरिका के वर्चुअल दूतावास की तरफ से जारी एडवाइज़री में कहा गया है कि “ईरान भर में विरोध प्रदर्शन बढ़ रहे हैं और हिंसक रूप ले सकते हैं। सड़कें बंद कर दी गई हैं, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और इंटरनेट बैन कर दिया है। एयरलाइंस ईरान से आने-जाने वाली उड़ानें रद्द की जा रही हैं। अमेरिकी नागरिकों को इंटरनेट की परेशानी लिए तैयार रहना चाहिए। संचार के वैकल्पिक साधनों की योजना बनानी चाहिए। साथ ही ईरान से सड़क के रास्ते आर्मेनिया या तुर्की जाने की तैयारी करनी चाहिए।”
