पंजाब और हरियाणा समेत इन राज्यों में शीतलहर का अटैक, जल्द ही दिखने वाला है पश्चिमी विक्षोभ का असर, अलर्ट जारी


सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : PTI
सांकेतिक तस्वीर

जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश जैसे उत्तरी राज्यों में सोमवार को शीतलहर का प्रकोप जारी रहा। हालांकि, कश्मीर, राजस्थान और कुछ अन्य क्षेत्रों में तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। पहाड़ी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखने वाला है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह धुंध छाई रही। दिल्ली में अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 7.1 डिग्री अधिक है। 

चिल्लई कलां के बीच थोड़ी राहत

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी का न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक है। कश्मीर घाटी में भीषण ठंड की 40 दिनों की अवधि ‘चिल्लई कलां’ के बीच न्यूनतम तापमान में कुछ डिग्री की वृद्धि होने से लोगों को थोड़ी राहत मिली। श्रीनगर में रविवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो इससे पिछली रात शून्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस नीचे था। 

सबसे ठंडा रहा सोनमर्ग घाटी 

मध्य कश्मीर में गांदरबल जिले का पर्यटन स्थल सोनमर्ग घाटी में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 8.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के शोपियां और पुलवामा शहरों में न्यूनतम तापमान क्रमशः शून्य से 4.7 डिग्री कम और शून्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। 

 गुलमर्ग में रात का तापमान माइनस 3 में

वार्षिक अमरनाथ यात्रा के आधार शिविरों में से एक दक्षिण कश्मीर के पहलगाम पर्यटन स्थल में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। उत्तरी कश्मीर में बारामूला जिले के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में रात का तापमान शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। 

इन दो राज्यों में शीतलहर का प्रकोप

पंजाब और हरियाणा के भी कई स्थानों पर शीतलहर का प्रकोप बना रहा। पंजाब में अमृतसर सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 4.6 डिग्री, पठानकोट में 4.7 डिग्री, फिरोजपुर में 5.7 डिग्री, होशियारपुर में 5.9 डिग्री, पटियाला में 6.5 डिग्री और गुरदासपुर में 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री

हरियाणा में भिवानी सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री, नारनौल में छह डिग्री, करनाल में 6.4 डिग्री और अंबाला में 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में भी रात ठंडी रही और न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। 

हिमाचल के कई जिलों में ठंड का येलो अलर्ट

इस बीच, शिमला स्थित मौसम केंद्र ने हिमाचल प्रदेश में शीतलहर की स्थिति बनी रहने की संभावना जताई है। मौसम केंद्र ने मंगलवार के लिए पांच जिलों – कांगड़ा, मंडी, ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर – के अलग-अलग इलाकों में भीषण ठंड का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार तक मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन एक और शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ के जल्दी आने के कारण गुरुवार से शनिवार के बीच राज्य में फिर से बर्फबारी और बारिश का नया दौर देखने को मिल सकता है। 

दिखेगी पश्चिमी विक्षोभ का असर

इस पश्चिमी विक्षोभ के बुधवार से ही उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार के लिए कई जिलों में ‘येलो अलर्ट’ भी जारी किया है, जिसमें राज्य के अलग-अलग स्थानों पर भारी बर्फबारी और बारिश की चेतावनी दी गई है। इस संबंध में एक मौसम अधिकारी ने कहा, ‘पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम ज्यादातर शुष्क रहा और हमीरपुर, कांगड़ा व मंडी में शीतलहर देखी गई। राज्य में सबसे कम तापमान लाहौल और स्पीति जिले के ताबो गांव में शून्य से 7.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।’ 

Latest India News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *