
IIMT यूनिवर्सिटी में छात्रों के दो गुटों में चली कुर्सियां
मेरठ के गंगानगर थाना क्षेत्र स्थित आईआईएमटी विश्वविद्यालय उस समय जंग का अखाड़ा बन गया, जब दो छात्रों के गुट मामूली कहासुनी पर एक-दूसरे पर कुर्सियों और टेबलों से हमला करते हुए नजर आए। मारपीट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि छात्र एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, एक ग्रुप ने दूसरे ग्रुप पर कमेंट कर दिया, जिसके बाद आपसी टिप्पणियों से शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में मारपीट का अखाड़ा बन गया। वीडियो में छात्र खुलेआम एक-दूसरे को पीटते दिखाई दे रहे हैं, जिससे विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
छात्रों की पहचान की जा रही है
इस घटना ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मारपीट के दौरान मौके पर सुरक्षा कर्मियों की कोई प्रभावी मौजूदगी नजर नहीं आई, जिससे स्थिति और अधिक बिगड़ती चली गई। वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। गंगानगर थाना पुलिस के अनुसार, वीडियो के आधार पर छात्रों की पहचान की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी वीडियो के आधार पर आंतरिक जांच बैठा दी आदेश हैं। कालेज में मारपीट की यह कोई पहली घटना नही है, इससे पहले भी विश्वविद्यालय कैंपस और विश्वविद्यालय के बाहर मारपीट घटनाएं हो चुकी है। वहीं इस घटना के बाद से छात्रों और उनके अभिभावकों में चिंता और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
यहां देखें वीडियो
