गणतंत्र दिवस परेड देखने जाना हो तो परेशान न हों, 2 घंटे पहले शुरू होगी मेट्रो, हर 15 मिनट में मिलेगी ट्रेन


Delhi Metro- India TV Hindi
Image Source : PTI
दिल्ली मेट्रो

गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्ली मेट्रो की सेवाएं दो घंटे पहले शुरू होंगी। आमतौर पर दिल्ली मेट्रो पहली ट्रेन पांच बजे के करीब शुरू होती है, लेकिन 26 जनवरी के दिन तड़के तीन बजे से दिल्ली मेट्रो की सेवाएं शुरू हो जाएंगी। यात्रियों को हर 15 मिनट में ट्रेन मिलेंगी और वह आसानी से यात्रा कर सकते हैं। जो लोग परेड देखने के लिए जाना चाहते हैं। वह आसानी से मेट्रो के जरिए कर्तव्य पथ तक पहुंच सकते हैं।

दिल्ली मेट्रो की तरफ से यह भी बताया गया है कि मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों पर पार्किंग सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। इससे लोगों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी और भीड़ की वजह से होने वाली परेशानी में कमी आएगी।

दिल्ली मेट्रो ने दी जानकारी

दिल्ली मेट्रो ने एक्स पोस्ट में लिखा, “गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिल्ली मेट्रो सेवाएं प्रातः 3:00 बजे से प्रारंभ होंगी। गणतंत्र दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर जब पूरा राष्ट्र, पूर्ण उत्साह के साथ आयोजनों में शामिल होगा, दिल्ली मेट्रो 26 जनवरी 2026 (सोमवार) को अपनी सभी लाइनों पर प्रातः 3:00 बजे से अपनी सेवाएं प्रारंभ करेगी। यह विशेष व्यवस्था कर्तव्य पथ तक लोगों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने तथा उन्हें गणतंत्र दिवस समारोह देखने में सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से की गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए, सुबह 6:00 बजे तक ट्रेनों का संचालन 15 मिनट के अंतराल पर किया जाएगा। इसके पश्चात दिन भर के लिए नियमित समय-सारणी के अनुसार सेवाएं संचालित की जाएंगी। यात्रियों से अनुरोध है कि अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं तथा प्रारंभिक मेट्रो सेवाओं का लाभ उठाएं। गणतंत्र दिवस के अवसर पर मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों पर पार्किंग सुविधाएं पूर्णतः उपलब्ध रहेंगी, जिससे समारोह में शामिल होने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिल सके।”

26 जनवरी को बंद रहेंगे कुछ स्टेशन

दिल्ली में 26 जनवरी को कुछ मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास प्रतिबंधित रहेगा। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने गुरुवार को एक बयान जारी कर बताया कि केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन (गेट 3 और 4), उद्योग भवन (गेट 1), लाल किला (गेट 3 और 4) और जामा मस्जिद (गेट 3 और 4) पर प्रवेश या निकास प्रतिबंधित रहेगा। डीएमआरसी ने बताया कि दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन के गेट 1, 4 और 5 पर प्रवेश और निकास बंद रहेगा, जबकि आईटीओ मेट्रो स्टेशन के गेट 3, 4 और 6 पर प्रतिबंध लागू रहेंगे। 

यात्रियों से डीएमआरसी की अपील

डीएमआरसी ने बताया कि गणतंत्र दिवस परेड के अभ्यास और मुख्य परेड के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए ये उपाय किए गए हैं और यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा की योजना तदनुसार बनाएं। डीएमआरसी ने यात्रियों से स्टेशनों पर की जाने वाली घोषणाओं और आधिकारिक चैनल पर मिलने वाली जानकारियों का पालन करने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि सुरक्षा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मेट्रो नेटवर्क के अन्य हिस्सों पर सेवाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित होंगी।

यह भी पढ़ें-

दिल्ली में बुजुर्ग के घर पर बदमाशों का हमला, लाठी-डंडों और तलवार से किए वार

चाय का लालच देकर मासूम से दरिंदगी, जंगल में ले जाकर किया 10 साल की बच्ची से दुष्कर्म

 

 





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *