
ल्यूक रोंची
न्यूजीलैंड के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज ल्यूक रोंची को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। ल्यूक रोंची को पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के ऐतिहासिक 11वें सीजन से पहले तीन बार की चैंपियन इस्लामाबाद यूनाइटेड का हेड कोच नियुक्त किया गया है। ल्यूक रोंची उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शुमार हैं, जिन्होने ODI क्रिकेट में 2 देशों का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड दोनों के लिए क्रिकेट खेला। ल्यूक रोंची की नियुक्ति की घोषणा इस्लामाबाद यूनाइटेड फ्रेंचाइजी के सोशल मीडिया हैंडल पर की गई, जिसमें लिखा गया- रोंची की घर वापसी। इस बार PSL 11 के लिए हेड कोच के तौर पर टीम को लीड करेंगे। रोंची माइक हेसन की जगह लेंगे। बता दें, माइक हेसन को टूर्नामेंट के आठवें सीजन में यूनाइटेड फ्रेंचाइजी का हेड कोच बनाया गया था और उनके नेतृत्व में टीम ने 2024 में मुल्तान सुल्तांस को हराकर अपना तीसरा खिताब जीता था।
फ्रैंचाइजी ने जारी किया बयान
फ्रेंचाइजी द्वारा जारी एक बयान में यूनाइटेड के नए हेड कोच ने टीम के साथ अपने गहरे भावनात्मक जुड़ाव को व्यक्त किया और इस्लामाबाद यूनाइटेड को एक ऐसी जगह बताया जो हमेशा उनके घर जैसी है। रोंची ने कहा कि इस्लामाबाद यूनाइटेड उन्हें हमेशा घर जैसा लगा है। इस टीम, मालिकों, फैंस और पूरे इस्लामाबाद यूनाइटेड परिवार के साथ उनका जो रिश्ता है, वह सच में बहुत खास है। उन्होंने हमेशा उस जुड़ाव को गर्व के साथ निभाया है।
उन्होंने आगे कहा कि अब हेड कोच के तौर पर वापस आना बहुत बड़ा सम्मान है। इस्लामाबाद यूनाइटेड निडर क्रिकेट, कैरेक्टर और जीतने वाली सोच के लिए जानी जाती है। वह उस विरासत को आगे बढ़ाने और इस शानदार टीम के लिए लीडर्स और मैच-विनर्स के अगले ग्रुप को डेवलप करने में मदद करने के लिए उत्साहित हैं।
PSL में रोंची के नाम 1000 से ज्यादा रन
रोंची PSL के लिए कोई नया चेहरा नहीं हैं। उन्होंने 2018 से 2020 तक तीन सीजन में इस्लामाबाद यूनाइटेड के लिए एक खिलाड़ी के तौर पर खेला है। उन्होंने 31 PSL मैचों में 166.12 के शानदार स्ट्राइक रेट से 1020 रन बनाए, जिसमें 10 अर्धशतक शामिल हैं। गौरतलब है कि PSL के ऐतिहासिक 11वें सीजन में आठ टीमें होंगी, जिसमें हैदराबाद और सियालकोट नई फ्रेंचाइजी के तौर पर शामिल होंगी। पहली बार लीग पारंपरिक प्लेयर्स ड्राफ्ट की जगह प्लेयर ऑक्शन आयोजित करेगी, जो 11 फरवरी को होगा। वहीं, PSL 2026 का 26 मार्च से आगाज होगा।
यह भी पढ़ें
ICC ने दी पाकिस्तान को चेतावनी, लग सकता है बैन, PSL पर भी संकट
T20 World Cup चैंपियन खिलाड़ी ने लिया संन्यास, खेल चुका है 61 इंटरनेशनल मुकाबले
