
बिना तेल के मिर्च का अचार बनाने की रेसिपी
खाने के साथ अचार लोगों को काफी पसंद होता है। मिर्च का अचार रोटी, पूरी और पराठे के साथ काफी टेस्टी लगता है। सफर में अचार और पूरी की खुशबू दूर-दूर तक फैल जाती है। अगर आपको भी अचार खाना पसंद है तो एक बार बिना तेल के मिर्च का अचार बनाकर खाएं। डाइटिंग करने वालों को अचार का भरपूर स्वाद मिलेगा और तेल खाने से भी बच जाएंगे। बिना तेल वाला मिर्ची का अचार बनाना बहुत आसान है। फटाफट नोट कर लें रेसिपी।
बिना तेल के मिर्च का अचार, नोट करें रेसिपी
पहला स्टेप- सबसे पहले 250 ग्राम मीडियम मोटी हरी मिर्च लें। मिर्च को अच्छी तरह धो लें और कपड़े से पोंछ कर पानी सुखा दें। अब मिर्च का डंठल काट कर निकाल दें। अब सारी मिर्चों को लंबाई में एक कट लगा दें और आगे पीछे से जुड़ा रहने दें।
दूसरा स्टेप- अब अचार का मसाला तैयार करने के लिए एक पैन में 1 चम्मच सौंफ डालें। 1 चम्मच जीरा, 1 चम्मच मेथीदाना, 2 चम्मच पीली सरसों के दाने डालकर सारी चीजों को हल्की आंच पर थोड़ी देर भून लें। अब इसे ठंडा होने पर मिक्सी में डालकर पीस लें और पाउडर बना लें। अचार के लिए हल्का दरदरा पाउडर ही पीसें।
तीसरा स्टेप- अब आपको 8-10 नींबू लेने हैं और उनका रस निकाल लें। नींबू के रस में 1 टीस्पून हल्दी, 1 टीस्पून कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, अचार का मसाला, थोड़ी कलौंजी और नमक मिला दें। अब हींग और काला नमक एक प्लेट में डालें और मिर्च के अंदर थोड़ा-थोड़ा लगाते जाएं।
चौथा स्टेप- अब सारी कटी मिर्च को नींबू वाले तैयार किए गए मसाले में मिला दें। अब सारी मिर्च को किसी कांच के जार में भरकर रख दें। इस अचार को 24 घंटे के बाद आप खाने में इस्तेमाल कर सकते हैं। आप इसे बाहर आसानी से स्टोर करके रख सकते हैं।
एक बार इस तरह मिर्च का अचार बनाकर खाएंगे तो फिर बार-बार इसे ट्राई करेंगे। बिना तेल वाला ये मिर्ची की अचार खाने के स्वाद को कई गुना बढ़ा देता है। आप इसे रोटी पराठे के साथ इंजॉय कर सकते हैं।
