
सनी देओल और मोना सिंह।
बॉक्स ऑफिस पर ‘बॉर्डर 2’ की लंबी रेस को लेकर कोई संदेह था तो मंगलवार के आंकड़ों ने उसे पूरी तरह खत्म कर दिया है। सनी देओल स्टारर यह वॉर ड्रामा अपने पहले नॉन-हॉलिडे वीकडे पर भी मजबूती से टिकी रही और बड़ी गिरावट से बचते हुए वर्ल्डवाइड ₹300 करोड़ क्लब की ओर तेजी से बढ़ती नजर आ रही है। बड़ी बात ये है फिल्म ने सिर्फ 5 दिनों में ही अपने बड़े बजट जितनी कमाई कर ली है। ये सीधा इशारा है कि फिल्म ब्लॉकबस्टर बनने की ओर बढ़ रही है। आने वाले हफ्तों में भी कोई बड़ी रिलीज नहीं दिख रही है, ऐसे में फिल्म छप्परफाड़ कमाई करना तय हो चुका
पहले हफ्ते में दमदार शुरुआत
बॉर्डर 2 ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर शानदार आगाज किया। फिल्म ने अपने चार दिन के एक्सटेंडेड ओपनिंग वीकेंड में कुल ₹180 करोड़ की कमाई दर्ज की। इस दौरान गणतंत्र दिवस का फायदा फिल्म को भरपूर मिला, जब इसने अकेले ₹59 करोड़ का बिजनेस किया। छुट्टी का लाभ और देशभक्ति की थीम ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में अहम भूमिका निभाई। फिल्म की कमाई में सबसे बड़ा योगदान इसके पॉज़िटिव वर्ड ऑफ माउथ का रहा। शुक्रवार से सोमवार के बीच बॉर्डर 2 की रोजाना कमाई लगभग दोगुनी हो गई, जो किसी भी बड़ी फिल्म के लिए मजबूत संकेत माना जाता है। दर्शकों और फैन्स के बीच फिल्म की भावनात्मक कहानी, देशभक्ति और दमदार एक्शन की जमकर तारीफ हो रही है।
मंगलवार को आई पहली गिरावट
मंगलवार को फिल्म को पहली बार मामूली गिरावट का सामना करना पड़ा, जो नॉन-हॉलिडे होने के कारण पहले से ही अनुमानित थी। इसके बावजूद बॉर्डर 2 ने भारत में ₹19 करोड़ से अधिक की नेट कमाई दर्ज की। पांच दिनों के बाद फिल्म का घरेलू नेट कलेक्शन ₹199.50 करोड़ तक पहुंच चुका है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन ₹235.40 करोड़ दर्ज किया गया है। भारत के साथ-साथ ‘बॉर्डर 2’ ने इंटरनेशनल बॉक्स ऑफिस पर भी दमदार मौजूदगी दर्ज कराई है। मंगलवार के बाद फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में करीब $4.5 मिलियन की कमाई बनाए रखी। इसके साथ ही पांच दिनों में फिल्म की कुल वर्ल्डवाइड कमाई ₹275 करोड़ के प्रभावशाली आंकड़े तक पहुंच गई है।
रिकॉर्ड तोड़ने की राह पर बॉर्डर 2
बॉर्डर 2 अब हिंदी सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली वॉर ड्रामा फिल्मों की सूची में शामिल होने की दौड़ में है। फिल्म ‘फाइटर’ और ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ जैसे बड़े रिकॉर्ड्स को चुनौती दे रही है। इस सफर में फिल्म ने पहले ही आमिर खान की सितारे जमीन पर (₹266 करोड़) और कार्तिक आर्यन की भूल भुलैया 2 (₹267 करोड़) के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि मौजूदा ट्रेंड को देखते हुए बॉर्डर 2 गुरुवार सुबह तक ₹300 करोड़ के आंकड़े को पार कर सकती है। भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता द्वारा निर्मित बॉर्डर 2 में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी, मोना सिंह, सोनम बाजवा, मेधा राणा और अन्या सिंह अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
ये भी पढ़ें: ‘झूठी दोस्ती…उसकी मां मुझे ट्रॉमा देती है’, सारा अली खान से लड़ाई में ओरी ने अमृता सिंह को भी घसीटा
