
गधे दुनिया के कोने-कोने में पाए जाते हैं।
Smallest Donkey In The World: दुनिया में शायद ही कोई देश होगा जहां गधे नहीं होते हों। गधों को लेकर तमाम तरह की बातें हम सुनते रहते हैं। आपने भी अपने आसपास तमाम गधे देखे होंगे, लेकिन क्या आपके मन में कभी यह ख्याल आया है कि दुनिया का सबसे छोटा गधा कौन है? उसका नाम क्या है? बहुत संभव है कि आपको उसका नाम न मालूम हो, लेकिन आज हम आपको उस गधे की तस्वीर दिखाएंगे और उसकी कहानी भी बताएंगे।
अमेरिका में है दुनिया का सबसे छोटा गधा
दुनिया का सबसे छोटा जीवित गधा इस समय अमेरिका में है। इस गधे का नाम ‘नीहाई’ (KneeHi) है। शायद उसका यह नाम शायद उसकी लंबाई के चलते पड़ा होगा, क्योंकि यह किसी आम शख्स के घुटने जितना ही लंबा है। भूरे रंग के इस नर गधे की लंबाई सिर्फ 64.2 सेमी है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने इसे 26 जुलाई 2011 को आधिकारिक तौर पर दुनिया का सबसे छोटा जीवित गधा घोषित किया था। नीहाई का जन्म 2 अक्टूबर 2007 को हुआ था। जन्म के समय उसकी ऊंचाई सिर्फ 41.9 सेमी थी। उसकी मां ‘इट्सी बिट्सी एनी’ 70 सेमी और पिता ‘गोल्डन पॉइंट्स जीपी बिली बॉब’ 73.6 सेमी लंबे थे।

यह दुनिया के सबसे छोटे गधे KneeHi की तस्वीर है।
इटली से आए थे KneeHi के पूर्वज
KneeHi एक रजिस्टर्ड मिनिएचर मेडिटेरेनियन गधा है और फ्लोरिडा के गेंसविल में बेस्ट फ्रेंड्स फार्म में रहता है। इसके मालिक जेम्स, फ्रैंकी और रेयान ली हैं। मिनिएचर मेडिटेरेनियन गधों की नस्ल मूल रूप से इटली के सार्डिनिया द्वीप में विकसित की गई थी। इन छोटे गधों को घर के अंदर रखा जाता था और वे अनाज पीसने वाली चक्की को घुमाने का काम करते थे। इस नस्ल को अमेरिका में सबसे पहले 1929 में रॉबर्ट ग्रीन लेकर आए थे। उन्होंने इन गधों की खासियत बताते हुए कहा था कि मिनिएचर गधों में न्यूफाउंडलैंड कुत्ते जैसा प्रेम, गाय जैसी सहनशीलता, खच्चर जैसी मजबूती, बाघ जैसा साहस और इंसान से सिर्फ थोड़ा कम दिमाग होता है।
KneeHi के परदादा ने भी बनाया था रिकॉर्ड
बता दें कि नीहाई अपने जन्म के बाद से ही काफी मशहूर रहा है। जन्म के तुरंत बाद 2007 में ही उसे जॉर्जिया नेशनल फेयर में पेश किया गया था। उसे तमाम जगहों पर लोगों को दिखाने के लिए ले जाया गया, और उसने कई अवॉर्ड भी जीते। KneeHi के परदादा ‘जीपी ऑस्कर’ भी सिर्फ 67.31 सेमी लंबे थे और अपने जमाने के सबसे छोटे नर गधे थे। इस तरह देखा जाए तो KneeHi ने इस मामले में अपने खानदान का नाम रोशन किया है और अपने परदादा को भी पीछे छोड़ा है।
