
क्यूबा के राष्ट्रपति ने ट्रंप को दी चेतावनी। (फाइल फोटो)
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्यूबा को तेज की सप्लाई करने वाले देशों के खिलाफ टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। अब क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज-कैनेल बर्मुडेज ने इस फैसले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। क्यूबा के राष्ट्रपति ने अमेरिका के इस कदम की निंदा की है और साथ ही चेतावनी दी है कि इन फैसलों का मकसद असल में क्यूबा की अर्थव्यवस्था का गला घोंटना है। उन्होंने कहा है कि क्यूबा दृढ़ता, शांति और इस विश्वास के साथ इस नए हमले का सामना करेगा कि तर्क पूरी तरह से हमारे पक्ष में है।
दरअसल, गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्यूबा को तेल की आपूर्ति करने वाले देशों के खिलाफ नए टैरिफ लगाने की चेतावनी देते हुए एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए थे। इस आदेश में कहा गया था- “क्यूबा को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से तेल बेचने या सप्लाई करने वाले किसी भी देश के उत्पादों के आयात पर अतिरिक्त टैरिफ लगाया जा सकता है।” बता दें कि इस आदेश में क्यूबा को अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए असाधारण खतरा बताया गया है। ये भी कहा गया है कि क्यूबा की सरकार कई शत्रु देशों, अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी समूहों और अमेरिका के विरोधी तत्वों, जिनमें रूस, चीन और ईरान के साथ-साथ हमास और हिजबुल्लाह भी शामिल हैं, के साथ गठबंधन करता है और उन्हें समर्थन प्रदान करती है।
