प्रेमिका को पाने की चाह में कातिल बना प्रेमी, गर्लफ्रेंड के 7 साल के बेटे को उतारा मौत के घाट, कोयले की बंद खदान में फेंका शव


कोयले की बंद खदान में मिला शव।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT
कोयले की बंद खदान में मिला शव।

शहडोल: जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां प्रेम की सनक में एक युवक ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दी। दरअसल, प्रेमिका के साथ रहने की चाह में प्रेमी ने प्रेमिका के ही सात वर्षीय मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। मासूम की हत्या करने के बाद आरोपी ने शव को बंद पड़ी कोयला खदान में फेंक दिया। पुलिस ने इस अंधे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं यह घटना अब इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। 

प्रेमिका के बेटे बने रास्ते का कांटा

पुलिस के अनुसार धनपुरी थाना क्षेत्र की पुरानी बस्ती निवासी मोइशीन का झिल्ली दफाई क्षेत्र में मजदूरी करने वाली नंदनी कोल से प्रेम प्रसंग था। मोइशीन, नंदनी को पाने के लिए इस कदर पागल हो चुका था कि वह उसके रास्ते की हर रुकावट खत्म करने को तैयार था। नंदनी ने उसके साथ रहने से इनकार कर दिया था, वजह थी उसके दो छोटे बच्चे। यही बात मोइशीन को खटक रही थी और उसने बच्चों को अपने प्रेम के बीच कांटा मान लिया।

हत्या कर पानी में फेंका शव

आरोपी ने पहले नंदनी के सात वर्षीय बेटे ऋतिक कोल को निशाना बनाया। मोइशीन ने मासूम ऋतिक को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और बगैय्या नाला के पास स्थित बंद पड़ी कोयला खदान में ले जाकर उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद उसने बच्चे के शव को खदान में भरे पानी में फेंक दिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी दूसरे बच्चे को भी खत्म करने की योजना बना रहा था।

पांच दिनों से लापता था मासूम

गौरतलब है कि ऋतिक कोल बीते पांच दिनों से लापता था। परिजनों ने धनपुरी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी और बच्चे की तलाश के लिए पांच हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई थी। आखिरकार बगैय्या नाला स्थित कोयला खदान में पानी में तैरता हुआ शव मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत, नग्न अवस्था में बरामदगी और घटनास्थल की परिस्थितियों ने हत्या की आशंका को और मजबूत किया। 

पुलिस कर रही जांच

कड़ी पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपी मोइशीन को गिरफ्तार कर लिया, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल धनपुरी पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। (इनपुट- विशाल खंडेलवाल)

यह भी पढ़ें-

प्रेम प्रसंग में बाबा ने कराई शख्स की हत्या? महिला से संबंध का विरोध कर रहा था पति का भाई, मर्डर केस में ‘कमलाकर गुरु’ अरेस्ट

पति ने रील बनाने से मना किया तो पत्नी ने की हत्या, YouTube से सीखा मर्डर का तरीका





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *