PNB में करोड़ों का गोल्ड लोन घोटाला, 4.1 किलो सोना गायब, असली सोने की जगह नकली जेवरात रखे


PNB Bank scam rajasthan jhunjhnu gold stolen- India TV Hindi
Image Source : REPORTER
झुंझनू में बैंक से सोना गायब।

झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ कस्बे में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा से जुड़ा एक भारी भरकम गोल्ड लोन घोटाला सामने आने से बैंकिंग जगत में हड़कंप मच गया है। बैंक की उच्च स्तरीय आंतरिक जांच में जब मामले की परतें खुलीं, तो असली सोने की जगह नकली और फैंसी आइटम रखे जाने का सनसनीखेज खुलासा हुआ।

नकली सोने के जेवरात पाए गए

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह घोटाला किसी एक ग्राहक तक सीमित नहीं, बल्कि कई दर्जन खाताधारकों से जुड़ा हुआ है। बैंक के स्ट्रांग रूम स्थित गोल्ड सेफ में गोल्ड लोन के कुल करीब 450 पैकेट्स रखे गए थे। आरोप है कि आंतरिक जांच के दौरान इनमें से 73 पैकेट्स में 4.198 ग्राम नकली सोने के जेवरात पाए गए। अभी यह आशंका जताई जा रही है कि और भी पैकेट्स के साथ छेड़छाड़ की गई हो सकती है, जिसकी गहन जांच जारी है।

4.1 किलो सोना गायब, 6.5 करोड़ का अनुमानित घोटाला

जानकारी के अनुसार कुल मिलाकर करीब 4.1 किलो सोना या तो गायब है या बदला गया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 6.5 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। कुछ मामलों में तो ऐसे ग्राहकों के नाम पर भी गोल्ड लोन दर्ज पाए गए, जिन्होंने कभी बैंक से लोन लिया ही नहीं।

तत्कालीन शाखा प्रबंधक पर गंभीर आरोप

इस पूरे मामले में तत्कालीन शाखा प्रबंधक अमित कुमार जांगिड़ (निवासी—सीथल) पर गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि उन्होंने बैंककर्मियों के सतह मिलकर ग्राहकों के असली सोने को हटाकर उसकी जगह नकली जेवरात और फैंसी सामग्री रख दी और सुनियोजित तरीके से इस घोटाले को अंजाम दिया।


इतना ही नहीं, बैंकिंग कोरेस्पोंडेंट संतोष कुमार, उप प्रबंधक अनंत प्रकाश सहित अन्य कर्मचारियों की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है।

CCTV फुटेज में कैद हुई करतूत

बैंक प्रबंधन की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया है कि 21 व 22 जनवरी की शाम बैंक मैनेजर व अन्य आरोपी कर्मचारियों की संदिग्ध गतिविधियां सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई हैं। यही फुटेज इस घोटाले की जांच में अहम कड़ी मानी जा रही है।

जयपुर से पहुंची उच्च स्तरीय टीम

ऑडिट में गड़बड़ी सामने आने के बाद PNB की जयपुर से आई उच्च स्तरीय जांच टीम ने नवलगढ़ शाखा पहुंचकर दस्तावेजों, गोल्ड पैकेट्स और रिकॉर्ड की बारीकी से जांच शुरू की। घोटाले की पुष्टि होते ही बैंक प्रबंधन ने 28 जनवरी को शाखा प्रबंधक अमित कुमार जांगिड़ समेत अन्य कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

पुलिस जांच तेज, ASP ने लिया जायजा

बैंक प्रबंधन की शिकायत पर नवलगढ़ थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच तेज कर दी है और दस्तावेजों, सीसीटीवी फुटेज तथा संबंधित लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है। सोमवार देर शाम एएसपी देवेंद्र रजावत भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। पुलिस की टीमें लगातार दबिशें दे रही हैं और घोटाले से जुड़े सभी पहलुओं की कड़ाई से जांच की जा रही है।

ग्राहकों में भारी आक्रोश

इस बड़े खुलासे के बाद बैंक ग्राहकों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि उन्होंने बैंक पर भरोसा कर अपना कीमती सोना गिरवी रखा था, लेकिन उसी भरोसे के साथ सुनियोजित धोखाधड़ी की गई। फिलहाल मामला पुलिस और बैंक की संयुक्त जांच में है। आने वाले दिनों में और भी चौंकाने वाले खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। (रिपोर्ट: अमित शर्मा)





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *