
कल्कि 2898 एडी में दीपिका ने सुमति का किरदार निभाया था।
साल 2024 में रिलीज हुई नाग अश्विन की ‘कल्कि 2898 AD’ ने बॉक्स ऑफिस पर खूब धूम मचाई थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 1,180 करोड़ की कमाई की थी। फिल्म में प्रभास, दीपिका पादुकोण और अमिताभ बच्चन जैसे सितारे लीड रोल में थे। अब मेकर्स ने सीक्वल पर काम शुरू कर दिया है, लेकिन कुछ महीने पहले ही मेकर्स ने ऐलान किया था कि अब दीपिका इस फिल्म का हिस्सा नहीं हैं। अब कल्कि के सीक्वल को लेकर एक नई अपडेट सामने आई है, जिसके अनुसार मेकर्स को ‘कल्कि 2’ के लिए दीपिका पादुकोण की रिप्लेसमेंट मिल गई है। मेकर्स ने साउथ सिनेमा की एक लीडिंग एक्ट्रेस को सुमति के रोल के लिए चुना है।
रणबीर कपूर की हीरोइन लेगी दीपिका की जगह
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, मेकर्स कल्कि 2 में दीपिका पादुकोण की जगह ‘रामायण’ की साई पल्लवी को लेने पर विचार कर रहे हैं, हालांकि अब तक कुछ भी फाइनल नहीं किया गया है। लेकिन, कहा जा रहा है कि साई पल्लवी अब ‘कल्कि 2898 AD’ दीपिका के SUM 80 यानी सुमति वाले किरदार की कहानी को आगे ले जाती दिखेंगी और मेकर्स को वही इस रोल के लिए परफेक्ट लग रही हैं। हालांकि, फिल्म के मेकर्स की ओर से इसे लेकर अभी आधिकारिक ऐलान नहीं किया है।
दीपिका ने करीब 20 दिनों तक शूटिंग की थी
बता दें, दीपिका पादुकोण सितंबर 2025 में पहले संदीप रेड्डी वांगा की ‘स्पिरिट’ से बाहर हो गईं। इस फिल्म में भी वह प्रभास के साथ ही नजर आने वाली थीं, लेकिन डायरेक्टर से अनबन के चलते वह फिल्म से अलग हो गईं और तृप्ति डिमरी ने उनकी जगह ले ली। इसके बाद उनके ‘कल्कि 2898 AD’ के सीक्वल से भी बाहर होने की खबरें आईं, जिस पर मेकर्स ने भी मुहर लगा दी। वैजयंती मूवीज ने एक पोस्ट शेयर करते हुए फिल्म से दीपिका के बाहर होने की पुष्टि की थी। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया कि, दीपिका ने कल्कि 2 के लिए करीब 20 दिनों तक शूटिंग कर ली थी, लेकिन बाद में उन्होंने फिल्म छोड़ दी।
वैजयंती मूवीज ने किया था ऐलान
वैजयंती मूवीज ने एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा था- ‘यह आधिकारिक तौर पर घोषणा की जाती है कि दीपिका पादुकोण Kalki2898AD के आगामी सीक्वल का हिस्सा नहीं होंगी। सावधानीपूर्वक विचार-विमर्श के बाद, हमने अलग होने का फैसला किया है। पहली फिल्म बनाने के लंबे सफर के बावजूद, हम साझेदारी नहीं कर पाए। और Kalki2898AD जैसी फिल्म उस प्रतिबद्धता और उससे भी कहीं अधिक की हकदार है। हम उनके भविष्य के काम के लिए शुभकामनाएं देते हैं।’
दीपिका के काम की हुई थी तारीफ
बता दें, जून 2024 में रिलीज हुई कल्कि 2898 एडी ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की थी। इस फिल्म में दीपिका ने सुमति का किरदार निभाया था और उनके अभिनय के लिए उन्हें खूब सराहा भी गया। फिल्म ने 1000 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया। वहीं इस फिल्म की रिलीज के बाद ही सितंबर में अभिनेत्री ने अपनी बेटी दुआ को जन्म दिया, जिसके बाद कथित तौर पर उन्होंने कल्कि 2 के लिए 8 घंटे शिफ्ट की डिमांड रखी थी और यही उनके फिल्म से बाहर होने की वजह बन गई।
ये भी पढ़ेंः Mismached 4: ओटीटी पर लौट रही डिंपल-ऋषि की लव स्टोरी, ‘मिसमैच्ड 4’ का हुआ ऐलान, क्यों इमोशनल हुए फैन?
