पूर्व पत्नी मेलिंडा के हमले के बाद बिल गेट्स ने दिया बड़ा बयान, कहा-“एपस्टीन से मिलना..मेरी मूर्खता थी”


बिल गेट्स, अमेरिका के उद्योगपति। - India TV Hindi
Image Source : AP
बिल गेट्स, अमेरिका के उद्योगपति।

वाशिंगटनः जेफरी एपस्टीन फाइल के खुलासों ने अमेरिका के कई दिग्गजों को मुश्किल में डाल दिया है। एपस्टीन फाइल में अमेरिकी उद्योगपति बिल गेट्स के खिलाफ भी कई बड़े खुलासे हुए हैं, जिसे लेकर उनकी पूर्व पत्नी मेलिंडा ने भी उन पर बड़ा हमला बोला है। इस बीच बिल गेट्स ने एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में जेफरी एपेस्टीन से मिलना खुद की मूर्खता बताया है। बिल गेट्स ने जेफरी एपस्टीन के साथ बिताए हर पल पर गहरा अफसोस जताया है। 

बिल गेट्स पर था ये बड़ा आरोप

अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा पिछले सप्ताह जारी दस्तावेजों के नवीनतम बैच में कई प्रमुख हस्तियों और एपस्टीन के बीच ईमेल शामिल थे, जो अक्सर गर्मजोशी वाली दोस्ती, अवैध वित्तीय सौदे और निजी तस्वीरें दर्शाते हैं। इन दस्तावेजों में एक ड्राफ्ट ईमेल था, जिसमें एपस्टीन ने आरोप लगाया कि गेट्स ने वैवाहिक संबंधों के बाहर अफेयर किए। एपस्टीन ने लिखा कि गेट्स के साथ उनका संबंध “रूसी लड़कियों के साथ सेक्स के परिणामों से निपटने के लिए बिल को ड्रग्स दिलाने से लेकर, विवाहित महिलाओं के साथ उनके अवैध मिलन की सुविधा प्रदान करने” तक फैला था। 

न्यूज 9 पर बिल गेट्स ने मांगी माफी

बिलिनियर गेट्स ने बुधवार को 9News ऑस्ट्रेलिया को दिए साक्षात्कार में कहा, “उसके साथ मैंने जो भी मिनट बिताए, मुझे हर एक पर अफसोस है और मैं माफी मांगता हूं। उन्होंने कहा, “वह ईमेल कभी भेजा नहीं गया। ईमेल झूठा है। मुझे नहीं पता उसकी क्या सोच थी। क्या वह मुझे किसी तरह निशाना बनाने की कोशिश कर रहा था?”गेट्स के प्रवक्ता ने भी नए दस्तावेजों के जारी होने के बाद इसी तरह का खंडन किया। उन्होंने कहा, “ये दस्तावेज सिर्फ इतना दिखाते हैं कि एपस्टीन गेट्स के साथ संबंध न होने से निराश था और वह उन्हें फंसाने तथा बदनाम करने के लिए कितनी दूर तक जा सकता था।

मेलिंडा फ्रेंच ने बिल गेट्स के लिए क्या कहा?

2019 में जेल में आत्महत्या कर चुके एपस्टीन की जांच से जुड़ी लाखों फाइलों के इस नए बैच के जारी होने के बाद बिल गेट्स की पूर्व पत्नी मेलिंडा फ्रेंच गेट्स ने अमेरिकी नेशनल पब्लिक रेडियो को बताया कि दस्तावेजों ने उनकी शादी के “बहुत दर्दनाक समय” की यादें ताजा कर दीं। उन्होंने कहा, “मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से यह बहुत कठिन है, जब ये विवरण सामने आते हैं। उन्होंने कहा, “जो भी सवाल बाकी हैं, वे सवाल उन लोगों के लिए हैं और मेरे पूर्व पति के लिए भी। उन्हें उन चीजों का जवाब देना होगा, मुझे नहीं। क्योंकि मैं तो सब कुछ जानती भी नहीं। बता दें कि 2021 में बिल गेट्स और मेलिंडा का तलाक हो चुका है। 

बिल गेट्स ने किसी महिला से संबंध बनाने के आरोप से किया इनकार

बिल गेट्स ने कहा कि उन्होंने 2011 में एपस्टीन से मुलाकात की और तीन साल में कई डिनर किए, लेकिन कभी उनके कैरिबियन द्वीप पर नहीं गए और न ही किसी महिला से संबंध बनाया। उन्होंने कहा, “फोकस हमेशा यही था कि वह बहुत सारे अमीर लोगों को जानता था और वह कहता था कि वह उन्हें वैश्विक स्वास्थ्य के लिए दान देने के लिए राजी कर सकता है। पीछे मुड़कर देखें तो यह बेकार रास्ता था। एपस्टीन फाइलों में किसी का नाम आना गलत काम का सबूत नहीं है, लेकिन दस्तावेजों ने एपस्टीन और उन सार्वजनिक हस्तियों के बीच संबंधों को उजागर किया है, जिन्होंने अक्सर ऐसे संबंधों को कम करके आंका या पूरी तरह से इनकार किया है। (AFP)

यह भी पढ़ें

ईरान-अमेरिका के बीच मस्कट में परमाणु वार्ता तय, ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने किया समय और तारीख का ऐलान

भारत बना वैश्विक AI-Impact Summit का लीडर, संयुक्त राष्ट्र प्रमुख गुटेरेस ने की इन शब्दों में तारीफ

Latest World News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *