
नेटफ्लिक्स पर भारतीय सीरीज का दबदबा
आर्यन खान की डेब्यू वेब सीरीज ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ का एक डायलॉग तो आपको याद ही होगा, ‘अक्खा बॉलीवुड एक तरफ और इमरान हाशमी एक तरफ’। राघव जुयाल ने ये लाइन सीरीज में बोली थी और ये हर इमरान हाशमी लवर के इमोशन्स हैं। इमरान हाशमी को आज भी उनके फैंस उसी शिद्दत से चाहते हैं, जिस शिद्दत से उनकी शुरुआती फिल्मों ‘मर्डर’ और ‘फुटपाथ’के दौरान चाहते थे। यानी, इमरान हाशमी को लेकर उनके फैंस की दीवानगी आज भी कम नहीं हुई है और इसका सबूत उनकी हालिया वेब सीरीज ‘तस्करीः द स्मगलर्स वेब’ है, जो इन दिनों ओटीटी प्लेटफॉर्म पर नंबर 1 पर ट्रेंड कर रही है और वो भी सिर्फ भारत में ही नहीं दुनियाभर में।
ग्लोबली नंबर 1 पर ट्रेंड कर रही है सीरीज
इमरान हाशमी स्टारर ‘तस्करीः द स्मगलर्स वेब’ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर 14 जनवरी 2026 के मौके पर रिलीज हुई हुई थी, जो अब सिर्फ इंडिया में ही नहीं ग्लोबली धूम मचा रही है। स्ट्रीमिंग के पहले हफ्ते में ही सीरीज ने ग्लोबल टॉप 10 नॉन इंग्लिश सीरीज की लिस्ट में नंबर 1 पर जगह बना ली और ऐसा करने वाली पहली भारतीय सीरीज बनकर इतिहास रच दिया। पहले तो यह सीरीज 20 अलग-अलग देशो में नेटफ्लिक्स पर नॉन इंग्लिश शोज की लिस्ट में ट्रेंड करती रही और अब भी भारत के साथ-साथ 9 देशों में नंबर 1 पर ट्रेंड कर रही है। खास बात तो ये है कि इसने पहले हफ्ते में ही 50 मिलियन व्यूज का आंकड़ा भी पार कर लिया था।
ओटीटी के ‘किंग’ बने इमरान हाशमी
‘तस्करीः द स्मगलर्स वेब’ की सफलता के साथ ही इमरान हाशमी भी ओटीटी स्पेस के नए किंग बनते नजर आ रहे हैं। तस्करी को मिली प्रतिक्रिया इमरान हाशमी की लोकप्रियता को भी बयां कर रही है। नीरज पांडे के निर्देशन में बनी इस सीरीज में इमरान हाशमी लीड रोल में हैं और उनके साथ इसमें शरद केलकर, अनुराग सिन्हा, जोया अफरोज, अमृता खानविलकर, फ्रेडी दारुवाला, अनुजा साठे और नंदिश संधू जैसे कलाकार भी अहम भूमिका में हैं।
सीरीज की कहानी
तस्करीः द स्मगर्लस वेब की सफलता से इस सीरीज के निर्देशक नीरज पांडे भी बेहद खुश हैं। नीरज पांडे पहले ही सोशल मीडिया के जरिए इस पर अपनी खुशी जाहिर कर चुके हैं। वहीं सीरीज की बात करें तो कहानी एक सस्पेंस क्राइम-थ्रिलर है, जो मुंबई एयरपोर्ट कस्टम विभाग के इर्द-गिर्द घूमती है और सीरीज में इमरान हाशमी एक अधिकारी की भूमिका में हैं। मुंबई एयरपोर्ट कस्टम विभाग एक अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट को ध्वस्त करने में जुटा है। इमरान हाशमी इसमें अर्जुन मीना नाम के ईमानदारी कस्टम अधिकारी की भूमिका में हैं, जो बड़ा चौधरी (शरद केलकर) के स्मगलिंग नेटवर्क के खिलाफ लड़ाई लड़ता है। इस सीरीज को आईएमडीबी पर 7.2 रेटिंग मिली है।
ये भी पढ़ेंः जॉनी लीवर को मिल गई बहू? बेटे जेसी के साथ दिखी मिस्ट्री गर्ल, ब्लैक शॉर्ट ड्रेस में लगीं बार्बी
