रूस से तेल पर यू-टर्न? केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दिया ऐसा जवाब, सब रह गए हैरान!


भारत-रूस ऑयल डील पर...- India TV Paisa

Photo:CANVA भारत-रूस ऑयल डील पर सस्पेंस!

भारत और अमेरिका के बीच हालिया ट्रेड डील के बाद एक सवाल सबसे ज्यादा चर्चा में है कि क्या भारत अब रूस से तेल खरीदना बंद करने जा रहा है? अमेरिका की ओर से 25% अतिरिक्त टैरिफ हटाने के साथ जो दावे किए गए, उन्होंने इस बहस को और हवा दे दी है। खासतौर पर तब, जब व्हाइट हाउस के आदेश में भारत द्वारा रूसी तेल आयात रोकने का संकेत दिया गया, लेकिन नई दिल्ली की ओर से इस पर कोई सीधा बयान सामने नहीं आया। इसी बीच केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल का जवाब आया, जिसने सस्पेंस और बढ़ा दिया।

अमेरिका का दावा, भारत की चुप्पी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा जारी आदेश में कहा गया कि भारत सीधे या परोक्ष रूप से रूसी तेल का आयात नहीं करेगा। इसी आधार पर भारत पर लगाया गया 25% पेनल टैरिफ 7 फरवरी 2026 से खत्म कर दिया गया। हालांकि, आदेश में यह भी साफ किया गया कि अगर भारत दोबारा रूस से तेल खरीदता है तो टैरिफ फिर से लगाया जा सकता है। दिलचस्प बात यह है कि भारत-अमेरिका के जॉइंट स्टेटमेंट में रूस का नाम तक नहीं लिया गया। इसमें केवल इतना कहा गया कि भारत अगले पांच साल में अमेरिका से 500 अरब डॉलर के एनर्जी प्रोडक्ट्स, टेक्नोलॉजी और अन्य सामान खरीदेगा।

पीयूष गोयल का जवाब क्यों बना चर्चा का केंद्र

जब केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से रूस से तेल आयात बंद करने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा कि इस पर विदेश मंत्रालय (MEA) ही स्थिति स्पष्ट करेगा। उनका यह बयान कई लोगों को हैरान कर गया, क्योंकि न तो उन्होंने अमेरिकी दावे को स्वीकार किया और न ही खारिज किया। पीयूष गोयल ने यह जरूर साफ किया कि भारत का एग्रीकल्चर सेक्टर पूरी तरह सुरक्षित है और अमेरिकी कृषि उत्पादों पर कोई ड्यूटी छूट नहीं दी जाएगी।

MEA का रुख: एनर्जी सिक्योरिटी सर्वोपरि

विदेश मंत्रालय पहले ही साफ कर चुका है कि 140 करोड़ भारतीयों की ऊर्जा सुरक्षा सरकार की सबसे अहम प्रायोरिटी है। MEA के मुताबिक, भारत अपनी जरूरतों और वैश्विक परिस्थितियों के हिसाब से ऊर्जा सोर्स में विविधता लाता है। फैसले बाजार की स्थिति और देशहित को ध्यान में रखकर किए जाते हैं।

रूस से तेल घटा, अमेरिका से बढ़ा

आंकड़े बताते हैं कि भारत ने हाल के महीनों में रूस से तेल आयात में कमी की है। जनवरी 2026 में यह घटकर 1.2 मिलियन बैरल रह गया, जो दिसंबर 2025 से कम है। वहीं, अमेरिका से तेल आयात धीरे-धीरे बढ़ाया जा रहा है। हालांकि, इसे रूस से पूरी तरह दूरी कहना जल्दबाजी होगी।

Latest Business News





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *