दिल्ली: शास्त्री पार्क फ्लाईओवर पर फायरिंग कर 80 लाख की लूट, बवाना में दिनदहाड़े व्यापारी का मर्डर


शास्त्री पार्क फ्लाईओवर पर लूट की घटना को दिया अंजाम। - India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT
शास्त्री पार्क फ्लाईओवर पर लूट की घटना को दिया अंजाम।

नई दिल्ली: नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के शास्त्री पार्क फ्लाईओवर पर मनी ट्रांसफर कर्मचारियों से लूट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने मनी ट्रांसफर का काम करने वाले अकील पर पीछे से 3-4 राउंड फायरिंग की गई। इसके बाद अकील के पास मौजूद करीब 80 लाख रुपये नकद से भरा बैग लूट लिया गया। गोली लगने से अकील गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के वक्त अकील के साथ उसका साथी शाहिद भी मौजूद था। 

 

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सूचना मिलते ही शास्त्री पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की टीम ने इलाके की घेराबंदी की और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस बरामद किया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

बवाना में व्यापारी की हत्या

वहीं दूसरी तरफ दिल्ली के बवाना औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक फैक्टरी के बाहर अज्ञात हमलावरों ने 35 वर्षीय एक व्यवसाई की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि तीन से चार हथियारबंद व्यक्ति बाइक पर आए और प्लास्टिक व्यापारी पर कई गोलियां चलाईं। पुलिस के मुताबिक, उसे दोपहर करीब 12.51 बजे महाराजा अग्रसेन अस्पताल से सूचना मिली कि गोलीबारी में घायल एक व्यक्ति को अस्पताल लाया गया था, जिसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। 

जांच में जुटी पुलिस

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “मृतक की पहचान बवाना निवासी वैभव गांधी के रूप में हुई है। घटना के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।” अधिकारी ने कहा, “हमलावरों की पहचान करने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों को पकड़ने के लिए विभिन्न दल गठित किए गए हैं, जो अलग-अलग जगहों पर छापे मार रहे हैं।”

यह भी पढ़ें-

कनाडा की महिला ने मसाज के दौरान छेड़छाड़ का लगाया आरोप, होटल प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप

‘जूं’ को हल्के में ना लेना! 12 साल की बच्ची के सिर में ज्यादा जूं होने से पूरे शरीर में फैला संक्रमण, हो गई मौत





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *