हिंदू युवती बोली- शादी होगी तो शाहवेज से ही, बौद्ध धर्म के हिसाब से करूंगी विवाह; हिंदू संगठन ने किया विरोध


आकांक्षा और शाहवेज की शादी को लेकर बवाल- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT
आकांक्षा और शाहवेज की शादी को लेकर बवाल

उत्तर प्रदेश के मेरठ में अंतरधार्मिक विवाह को लेकर विवाद सामने आया है। शाहवेज उर्फ साहिल और आकांक्षा की शादी को लेकर हिंदू संगठनों ने विरोध शुरू कर दिया है। 13 फरवरी को होने वाली इस शादी के लिए मेरठ के मवाना रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल बुक किया गया था, लेकिन विरोध के बाद बैंक्वेट हॉल की बुकिंग रद्द कर दी गई।

अखिल भारतीय हिंदू संगठन का कहना है कि युवती हिंदू है और युवक मुस्लिम, ऐसे में यह मामला सीधे तौर पर धर्मांतरण से जुड़ा है। संगठन का आरोप है कि शाहवेज ने युवती को प्रेमजाल में फंसाकर बहलाया-फुसलाया और शादी तय कर ली। संगठन ने यह भी दावा किया कि वधू पक्ष के कार्ड पर दूल्हे का नाम ‘साहिल’ जबकि वर पक्ष के कार्ड पर नाम ‘शाहवेज’ छपा है, जिससे पहचान छिपाने और युवती का ब्रेनवॉश करने का आरोप लगाया गया है।

चाचा ने बताया ‘लव जिहाद’

आकांक्षा के चाचा प्रेमचंद ने इस शादी को “लव जिहाद” बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शाहवेज उर्फ साहिल के खिलाफ धर्मांतरण कानून के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने पुलिस-प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर शादी रुकवाने की मांग की है। संगठन के विरोध के बाद बैंक्वेट हॉल संचालक ने बुकिंग कैंसिल कर दी।

“मैं बालिग हूं, 6 साल पुराना रिश्ता है”

वहीं आकांक्षा ने मीडिया से बातचीत में सभी आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने बताया कि वह बालिग हैं और बैंक में नौकरी करती हैं। वह पिछले छह सालों से शाहवेज को जानती हैं, पहले वह उनके पड़ोसी थे। आकांक्षा का कहना है कि वह शाहवेज से प्यार करती हैं और उसी से शादी करेंगी। आकांक्षा ने बताया कि उनके पिता का तीन साल पहले निधन हो गया था, जिसके बाद से चाचा की नजर उनकी संपत्ति पर है। इसी वजह से चाचा और परिवार के बीच रिश्ते खराब हैं। उन्होंने कहा कि यह विवाह उनकी मां और निकट संबंधियों की सहमति से तय हुआ है।

“मैं बौद्ध धर्म अपना चुकी हूं”

आकांक्षा ने कहा कि वह बौद्ध धर्म अपना चुकी हैं और शाहवेज ने कभी अपना नाम या धर्म नहीं छुपाया। उन्होंने बताया कि शादी के कार्ड में ‘साहिल’ नाम इसलिए छपवाया गया, क्योंकि यह शाहवेज का निक नेम है और उन्हें पसंद है। आकांक्षा ने कहा कि वह शाहवेज से ही शादी करेंगी, वर्ना शादी नहीं करेंगी। उन्होंने कहा कि विवाह बौद्ध धर्म की रीति-रिवाज से किया जाएगा।

मां बोली- “दामाद शाहवेज ही बनेगा”

आकांक्षा की मां ने भी बेटी का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें इस रिश्ते से कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि यदि बेटी की शादी होगी तो शाहवेज से ही होगी।

पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दो समुदायों से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस सतर्कता के साथ जांच कर रही है।

(रिपोर्ट- हिमा अग्रवाल)

ये भी पढ़ें-

‘हैसियत नहीं तो सरकारी जॉब वाला लड़का क्यों पसंद किया’, शादी से 24 घंटे पहले युवती ने दे दी जान

सूरत: बंद कमरे में मिले तीन शव, पत्नी और बेटे के साथ केमिकल व्यापारी की मौत; मुंह से निकलता मिला झाग





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *