AIMIM के दिल्ली अध्यक्ष का विवादित बयान, कहा- “वंदे मातरम न राष्ट्रीय गान है, न संविधान का हिस्सा, नहीं गाएंगे”


Dr Shoaib Jamai- India TV Hindi
Image Source : DR SHOAIB JAMAI/X
AIMIM के दिल्ली अध्यक्ष डॉक्टर शोएब जमाई

नई दिल्ली: AIMIM के दिल्ली अध्यक्ष डॉक्टर शोएब जमाई ने वंदे मातरम को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर लिखा, “वंदे मातरम न राष्ट्रीयगान है और न ही संविधान का हिस्सा।”

उन्होंने कहा, “लोग अपनी आस्था के अनुसार इसे मर्जी से गाते थे। मगर भाजपा, RSS ने इस गीत को प्रोपेगेंडा बना दिया। वह हम पर जबरन इसे थोपना चाहते हैं। तो फिर सुनो, हमारी गर्दन पर छुरी भी रख दोगे तब भी हम नहीं गाएंगे।”

हालही में यूपी के AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष ने भी दिया था विवादित बयान

हालही में यूपी के AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने भी विवादित बयान दिया था। उन्होंने यूपी के मुरादाबाद में “हम दो, हमारे दो दर्जन” का नारा दिया था और मुसलमानों से अपील की थी कि अधिक बच्चे पैदा करें। उन्होंने कहा था, “हम तो कहेंगे कि आप ज्यादा से ज्यादा बच्चे करें। अल्लाह दे रहे हैं तो ले लीजिए। जिनको बच्चा नहीं होता, कोई चौखट नहीं बचती, जहां वो माथा नहीं टेकते। अल्लाह जब तक दे रहा है, तब तक लेते रहिए। लोग थोड़ा परेशान तो हैं कि हमारी आबादी बढ़ रही है। जितनी आबादी बढ़ेगी, उतना देश मजबूत होगा। चीन की आबादी ज्यादा है तो वह मजबूत है।”

अकबरुद्दीन ओवैसी ने भी हालही में दिया था विवादित बयान

हालही में AIMIM नेता और विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी ने भी विवादित बयान दिया था। उन्होंने यूपी में पार्टी का विस्तार करने का ऐलान करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ को चुनौती दी थी। उन्होंने तेलंगाना के निजामाबाद में आयोजित एक जनसभा में कहा था कि “मिस्टर योगी, तैयार हो जाओ, यूपी भी आ रहे हैं। इसके बाद यूपी चलते हैं। हम सभी यूपी में अपनी ताकत और अपने झंडे को गाड़ेंगे और वहां भी अपना झंडा लहराएंगे।”

गौरतलब है कि बीते कुछ समय से AIMIM के बड़े नेताओं की तरफ से विवादित बयान दिए जा रहे हैं। भले ही इन बयानों का मकसद पब्लिसिटी पाना हो लेकिन इस तरह के बयान आम जनता के दिल को ठेस पहुंचाते हैं। इस तरह की बयानबाजी पर सियासत तो होती ही है, लेकिन समाज का माहौल भी खराब होता है। 





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *