
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा।
गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्व शर्मा के भाई और बरपेटा के SSP सुशांत विश्व शर्मा का तबादला कर दिया गया है। सूबे के पुलिस विभाग में यह बड़ा बदलाव विधानसभा चुनावों के ठीक पहले किया गया है। सुशांत विश्व शर्मा अब CID (महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध) के सीनियर SSP बनाए गए हैं। उनकी जगह पुष्किन जैन बरपेटा के नए SSP होंगे। गुवाहाटी के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (इंटेलिजेंस) हरेकृष्ण नाथ को CID (वाइट कॉलर क्राइम) का SSP बनाया गया है, और उनकी जगह हिरण्य कुमार बर्मन लेंगे।
प्रांजल बरुआ बनाए गए सादिया के DSP
बसिष्ठ के सहायक पुलिस आयुक्त प्रांजल बरुआ को सादिया का DSP बनाया गया है। उनकी जगह STF के DSP सत्येंद्र सिंह हजारी लेंगे। सादिया के DSP नैमुद्दीन को चराइदेव का DSP (सिक्योरिटी) बनाया गया है जबकि वहां के मौजूदा अधिकारी मृणाल कुमार दास अब DSP (सिक्योरिटी) बनाए गए हैं। विजिलेंस और एंटी-करप्शन के DSP ऋतुपर्ण गोगोई को तिनसुकिया का DSP बनाया गया है। उनकी जगह अमर ज्योति सैकिया लेंगे। ये सभी बदलाव गृह और राजनीतिक विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अजय तिवारी के आदेश से हुए हैं।
असम में कब तक हो सकते हैं चुनाव?
असम में विधानसभा के चुनाव मार्च-अप्रैल 2026 में हो सकते हैं। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल मई 2026 में खत्म हो रहा है। 2021 में सूबे में हुए पिछले विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन ने शानदार जीत दर्ज की थीं। एनडीए में बीजेपी ने 60, असम गण परिषद ने 9 और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल ने 6 सीटें जीती थी, और इस तरह गठबंधन को कुल 75 सीटें मिली थीं। कांग्रेस के नेतृत्व वाले महाजोत ने 50 सीटें हासिल की थीं, जिसमें कांग्रेस 29 और AIUDF 16 पर सिमट गई थी। एनडीए ने सूबे में लगातार दूसरी बार सरकार बनाई, जो असम में कांग्रेस के अलावा किसी भी पार्टी या गठबंधन के लिए पहला ऐसा मौका था।
