बाराबंकी में मुख्तार अंसारी के शूटर शोएब उर्फ बॉबी की गोली मारकर हत्या, दागी गईं 10 गोलियां


Mukhtar Ansari, Shoaib Urf Bobby- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT
शोएब उर्फ बॉबी।

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में मुख्तार अंसारी के शूटर शोएब उर्फ बॉबी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शोएब उर्फ बॉबी को 10 गोली मारी गईं हैं। शोएब को मुख़्तार का बेहद करीबी माना जाता था। वह लखनऊ के चर्चित जेलर हत्याकांड में आरोपी था। फिलहाल शोएब बाराबंकी में वकालत करता था। बता दें कि पूर्वांचल के बाहुबलियों में शुमार एवं कई बार के विधायक मुख्तार अंसारी पर मर्डर, किडनैपिंग और एक्सटॉर्शन के कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। उन्हें 2005 में कृष्णानंद राय की हत्या के मामले में जेल भेजा गया था और उसके बाद वह जेल से बाहर नहीं आ पाए थे। 28 मार्च 2024 को बांदा जेल में मुख्तार की मौत हो गई थी, जिसकी वजह हार्ट अटैक बताई गई थी।

बाराबंकी के व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई हत्या

शोएब उर्फ बॉबी को पूर्व बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी के गिरोह से जुड़ा माना जाता था। वह कई आपराधिक मामलों में आरोपी रहा है, जिसमें लखनऊ जेलर हत्याकांड भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, यह वारदात बाराबंकी जिले के व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर असैनी मोड़ के पास बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने शोएब पर बेहद करीब से ताबड़तोड़ फायरिंग की। गंभीर रूप से घायल शोएब को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दिनदहाड़े हुए इस हत्याकांड के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

ड्राइविंग सीट पर मृत अवस्था में मिला था शोएब

एसपी बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि असैनी मोड़ के पास किसी व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। एसपी ने कहा, ‘मौके पर पहुंचकर पुलिस ने देखा कि ब्लू कलर की बलेनो कार में एक व्यक्ति ड्राइविंग सीट पर मृत पड़ा हुआ था और उसके शरीर पर गोलियों के निशान थे। उसकी बॉडी को मॉर्चरी में डाल दिया गया है। फॉरेन्सिक टीम और पुलिस अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। शख्स की पहचान थाना कोतवाली क्षेत्र निवासी शोएब किदवई के रूप में हुई है और वह थाने का हिस्ट्रीशीटर है। वह मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़ा रहा है और उस पर 5-6 मुकदमे हैं।’





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *