
अलंकार अग्निहोत्री बनाएंगे राजनीतिक पार्टी।
उत्तर प्रदेश के बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट पर से इस्तीफा देने के बाद अलंकार अग्निहोत्री लगातार चर्चा का विषय बने हुए हैं। आपको बता दें कि बीते महीने अलंकार अग्निहोत्री यूजीसी एक्ट समेत कई मुद्दों पर विरोध दर्ज कराते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया और उन्हें सस्पेंड कर के उनके खिलाफ जांच बैठ दी गई। वहीं, अब अलंकार अग्निहोत्री ने एक और बड़ा ऐलान कर दिया है। अलंकार अग्निहोत्री ने कहा है कि वह राजनीतिक पार्टी बनाएंगे।
क्या बोले अलंकार अग्निहोत्री?
अलंकार अग्निहोत्री ने कहा- “आप सभी को सूचित करना है कि आज आज दिनांक 13 फरवरी 2026 को विजय एकादशी के शुभ दिन पर वृंदावन में बांके बिहारी जी का दर्शन करने के उपरांत, जिस तरीके से पूरा समाज सनातनी समाज एक राजनीतिक विकल्प के रूप में नई सनातनी पार्टी के बारे में विचार कर रहा था, आज बांके बिहारी जी से आशीर्वाद प्राप्त करने के प्रांत मैं घोषणा कर रहा हूं कि हम सभी सनातनी समाज वर्तमान व्यवस्था से अलग हो रहे हैं और अपनी एक पहचान के साथ राजनीतिक पार्टी की घोषणा कर रहे हैं।”
जल्द ही पार्टी के लिए आवेदन करेंगे- अलंकार अग्निहोत्री
अलंकार अग्निहोत्री ने कहा- “जिस तरीके से सम्मान के साथ अपना दल, निषाद पार्टी, राजभर पार्टी कार्य कर रही है, उसी तरीके से अब हम अपनी सनातनी पहचान के साथ अलग होते हुए राजनीतिक रूप से काम करेंगे, चाहे इसके लिए हमें गठबंधन करना पड़े या अकेले चुनाव लड़ना पड़े। जल्द ही हम माननीय भारत निर्वाचन आयोग के समक्ष नई राजनीतिक पार्टी के लिए आवेदन करेंगे। आप सभी सनातनी लोगों को बहुत-बहुत धन्यवाद और भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।”
ये भी पढ़ें- अलंकार अग्निहोत्री प्रोफाइल: 10 साल की उम्र में पिता को खोया, IIT से की पढ़ाई, पहले प्रयास में बने SDM
