
डिप्टी सीएम के काफिले में घुसी कार।
झुंझुनूं: राजस्थान के डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा के काफिले में एक्सीडेंट होने का मामला सामने आ रहा है। यह घटना झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी इलाके में उस वक्त हुई जब डिप्टी सीएम एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आ रहे थे। इसी दौरान कार काफिल के बीच आ गई और डिप्टी सीएम के काफिल में चल रही एक कार के साथ उसकी टक्कर हो गई। हालांकि इस हादसे में डिप्टी सीएम सुरक्षित रहे, उनकी कार पहले ही आगे निकल गई थी। घटना के बाद सुरक्षाकर्मियों ने हालात का जायजा लिया। फिलहाल कोई जनहानि नहीं हुई है।
दरअसल, राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा को एस्कॉर्ट कर रही गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। आपको बता दें डिप्टी सीएम डॉय प्रेमचंद बैरवा आज शनिवार को झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी में एक कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे थे। उदयपुरवाटी के घाट में एक गाड़ी काफिले में शामिल होने के लिए जैसे ही टर्न लेती है, उसी दौरान डिप्टी सीएम को एस्कॉर्ट कर रही गाड़ी से उसकी टक्कर हो जाती है। दुर्घटना में दोनों वाहनों के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है।
गनीमत रही कि हादसे के समय डिप्टी सीएम की गाड़ी सुरक्षित रूप से पहले ही आगे निकल गई थी। वहीं इस हादसे में किसी के भी घायल होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार घटना के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत काफिले को कुछ देर के लिए मौके पर ही रोकना पड़ा। सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति का जायजा लेकर उपमुख्यमंत्री सहित सभी सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित की। इसके बाद डिप्टी सीएम कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुए।
बता दें कि ऐसे ही एक मामले में कुछ दिन पहले उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत के काफिले में शामिल गाड़ियां टकरा गई थीं। ये हादसे मेरठ जिले के खड़ोली मोड़ पर दिल्ली-देहरादून राजमार्ग (एएच-58) पर हुआ था। हालांकि इस हादसे में पूर्व मुख्यमंत्री और उनके साथ काफिले में शामिल अन्य लोग सुरक्षित बच गए। (इनपुट- अमित शर्मा)
