
दिल्ली में पुलिस ने आरोपी लड़के को गिरफ्तार कर लिया है।
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने ध्यान भटकाकर कार से सोने के गहने चुराने वाले 19 साल के लड़के को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने कोई केमिकल छिड़ककर परिवार वालों का ध्यान भटकाया और फिर बैग लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने शनिवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी की पहचान संगम विहार इलाके के निवासी जाफर के रूप में हुई है। 6 फरवरी को हुई इस घटना के बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। बताया जाता है कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बड़ी सफाई से पूरी वारदात को अंजाम दिया था।
कार के अंदर किया था किसी केमिकल का छिड़काव
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता भभूति प्रसाद शर्मा अपने परिवार के साथ कार में सफर कर रहे थे, तभी एक व्यक्ति ने उन्हें रुकने का इशारा किया और कहा कि उनकी कार के बोनट से तेल लीक हो रहा है। जब शर्मा कार की जांच करने के लिए रुके, तो एक अन्य व्यक्ति ने उनका ध्यान भटकाया। इसी बीच जाफर ने कार के अंदर किसी केमिकल को स्प्रे कर दिया जिससे परिवार के सदस्यों को तेज खांसी आने लगी और वे गाड़ी से बाहर निकलने को मजबूर हो गए। इस मौके का फायदा उठाकर जाफर ने कार में रखे सोने के गहनों से भरा बैग चुरा लिया और मोटरसाइकिल पर सवार होकर भाग गया।
सीसीटीवी को खंगालने के बाद पकड़े गए आरोपी
वारदात के बारे में जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। जांच टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे 50 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। फुटेज में संदिग्ध मोटरसाइकिल की गतिविधि दिखी जिसके बाद तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूत्रों की मदद से पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जाफर के कब्जे से चोरी किए गए सोने के गहने बरामद कर लिए हैं और अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
निजी खर्चों के लिए ऐसे काम करता था जाफर
पुलिस ने जब जाफर से इस बारे में पूछताछ की तो उसने गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसका एक साथी भी इस वारदात में शामिल था, जो अभी फरार है। आरोपी ने कहा कि उसने अपने निजी खर्चों के लिए जल्दी पैसा कमाने के इरादे से चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब फरार साथी की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहराई से जांच कर रही है। बता दें कि इससे पहले भी दिल्ली में ‘स्प्रे गैंग’ द्वारा इसी तरह की वारदातों को अंजाम देने की खबरें सामने आ चुकी है।
