
दिल्ली यूनिवर्सिटी ने यूट्यूबर रुचि तिवारी के साथ हुई बदसलूकी के मामले पर बयान जारी किया है।
YouTuber Ruchi Tiwari Assault: दिल्ली यूनिवर्सिटी में UGC के नए नियमों के समर्थन में प्रदर्शन और उसका कवरेज करने पहुंचीं यूट्यूबर रुचि तिवारी के साथ बदसलूकी के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने बयान जारी करके स्टूडेंट्स से शांति बनाए रखने की अपील की है। दिल्ली यूनिवर्सिटी के आधिकारिक हैंडल से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके कुलपति की तरफ से कहा गया कि यूजीसी के नए नियम अभी सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन हैं। सभी टीचर और स्टूडेंट, सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का इंतजार करें।
आपस में सौहार्द बनाएं रखें स्टूडेंट
दिल्ली यूनिवर्सिटी के आधिकारिक एक्स हैंडल से पोस्ट किया गया, ‘मैं दिल्ली विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों से अनुरोध करता हूं कि वह आपस में सौहार्द बनाए रखें। कोई भी ऐसा काम न करें जिससे आपसी मनमुटाव बढ़े और राष्ट्र व विश्वविद्यालय की छवि को नुकसान हो। दिल्ली विश्वविद्यालय में कल जो घटना हुई वह चिंता का विषय है।’
सद्भाव को ना पहुंचे कोई नुकसान
इस एक्स पोस्ट में आगे लिखा गया, ‘विश्वविद्यालय में भारत के सभी प्रदेशों और सभी समुदायों के विद्यार्थी पढ़ते हैं। सामाजिक सौहार्द सबसे बड़ी चीज है; और उसे बनाए रखना हम सब का कर्तव्य है। मैंने आज कई विद्यार्थी समूहों और शिक्षक समूहों से बातचीत की है और पुलिस प्रशासन से भी बात करके ये सुनिश्चित करने को कहा है कि भविष्य में कोई ऐसी घटना न हो जिससे सद्भाव को कोई नुकसान पहुंचे।’
सुप्रीम कोर्ट के फैसले का करें इंतजार
दिल्ली यूनिवर्सिटी की एक्स पोस्ट में ये भी लिखा गया, ‘यूजीसी के जो नए नियम आए हैं वह अभी सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन हैं। मैं विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों से अपील करता हूं कि वह भारत सरकार पर अपना भरोसा बनाए रखें और सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का इंतजार करें। प्रो. योगेश सिंह, कुलपति दिल्ली विश्वविद्यालय, दिल्ली।’
यूट्यूबर के साथ क्या घटना हुई?
दिल्ली यूनिवर्सिटी में UGC के सपोर्ट में हुए प्रदर्शन के दौरान अटैक झेलने वाली महिला यूट्यूबर रुचि तिवारी ने बताया कि मैं प्रोटेस्ट कवर करने वहां गई हुई थी। मीडिया वालों में से एक ने मेरा ध्यान उस ओर खींचने के लिए मेरा नाम ले लिया। इसके बाद मैं उनके पास गई, तो वो मेरा पूरा नाम और जाति पूछने लगे। फिर उन्होंने कुछ लोगों की तरफ इशारा किया और उसके बाद पूरी भीड़ मेरी ओर आई और मेरे ऊपर हमला कर दिया। यह वीडियो में साफ दिख रहा है।
बदसलूकी करने वालों ने दी रेप की धमकी
उन्होंने आगे कहा कि उनके पास बस झूठी बातें और बेबुनियाद आरोप हैं। मेरे आस-पास खड़ी लड़कियों ने मेरे कानों में रेप की धमकी की बात कही। मुझे हाथ और गर्दन से पकड़ा गया था। यह हत्या का प्रयास है। मैं उस वक्त बेहोश हो गई थी लेकिन पुलिस ने कुछ नहीं किया। मुझ पर मेरी जाति के कारण हमला हुआ। किसी ने मेरा साथ नहीं दिया।
