मथुरा: महाशिवरात्रि के मौके पर शिवालय में जल चढ़ाने को लेकर मस्जिद के सामने विवाद, भारी पुलिस बल तैनात


Mathura- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT
घटना से आक्रोशित लोगों ने की नारेबाजी

मथुरा: यूपी के मथुरा में महाशिवरात्रि के मौके पर शिवालय में जल चढ़ाने को लेकर मस्जिद के सामने विवाद हो गया। इसके बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बन गई और एसडीएम-डीएसपी ने भारी पुलिस फोर्स के साथ फ्लैग मार्च किया। गांव में भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है।

क्या है पूरा मामला?

मामला मथुरा के बरसाना थाना क्षेत्र के सहार गांव का है। यहां महाशिवरात्रि के अवसर पर गांव का युवक गगन सैनी अपनी नवविवाहिता पत्नी के साथ मंदिर जा रहा था। अन्य श्रद्धालु भी शिव मंदिर में डीजे और बैंड बाजे के साथ जलाभिषेक करने जा रहे थे। इसी दौरान मस्जिद के सामने से गुजरते समय समुदाय विशेष के लोगों ने बैंड और डीजे को बंद करने के लिए कहा।

इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार घटना के समय कुछ सामाजिक लोगों के समझाने पर सुलह हो गई और गगन सैनी की पत्नी जलाभिषेक करने शिव मंदिर चली गईं। वापस लौटने पर फिर से समुदाय विशेष के लोगों द्वारा ईंट-पत्थर फेंके जाने की बात सामने आई, जिसके बाद माहौल गरमा गया। 

देखते ही देखते दोनों समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए और गांव में तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस प्रशासन ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

डीएसपी गोवर्धन का सामने आया बयान

इस मामले में डीएसपी गोवर्धन अनिल कुमार सिंह ने बयान जारी करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक युवक बकरी चरा रहा था। इसी दौरान उसने बकरी की ओर पत्थर फेंका, जो पास से गुजर रहे श्रद्धालु को लग गया। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और विवाद ने तूल पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।


फिलहाल गांव में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने चौकी पर काटा हंगामा

इस घटना को लेकर बजरंग दल ने चौकी में जमकर हंगामा काटा। बजरंग दल के राम तोमर, जितेंद्र गुप्ता मौके पर पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की मांग करने लगे। दो समुदाय में विवाद की सूचना पर बरसाना इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार मौके पर पहुंचे। लोगों को समझाकर मामला शांत कराया गया। इसके बाद पुलिस ने समुदाय विशेष के दो लोगों को हिरासत में लिया है। तनाव के चलते गांव में पीएसी तैनात है। 

घटना के बाद मौके पर पहुंचे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को हिंदू यात्रा निकालने की घोषणा की है। बजरंग दल के राम तोमर और करणी सेना के जिलाध्यक्ष विवाद की सूचना पर मौके पर सहार पहुंचे। उन्होंने लोगों से जानकारी जुटाई। ग्रामीणों ने बताया कि धार्मिक कार्यक्रम के दौरान डीजे रोककर भजन बंद करा दिए गए और फिर पत्थर फेंक दिया। इस पर बजरंग दल के राम तोमर ने डीजे के साथ यात्रा निकालने का आवाह्न किया। लेकिन पुलिस ने शोभायात्रा नहीं निकालने दी। इस पर बजरंग कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जुमे की नमाज के दिन हिंदू यात्रा निकालने का आवाह्न किया है।

पहले भी सहार गांव में दोनों समुदाय में हुए हैं कई विवाद

मिली जानकारी के मुताबिक, बरसाना के सहार गांव में समुदाय विशेष के लोगों की संख्या अधिक होने की वजह से पहले भी धार्मिक उन्माद फैला है। इस बार महाशिवरात्रि पर हंगामा किया गया है। (रिपोर्ट: मोहन श्याम शर्मा)





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *